विराट कोहली मचाते हैं मुंबई में तबाही, वानखेड़े स्टेडियम में उनकी 3 बेस्ट पारियों पर एक नज़र
IND vs NZ: वर्ल्ड क्रिकेट में महान खिलाड़ी होने के बाद भी टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली का बुरा दौर समाप्त नहीं हुआ है। साल 2019 से यह चला आ रहा है। बीच में कुछ अच्छी पारियां जरुर आई लेकिन वह बात नहीं दिखी जो पहले हुआ करती थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही मौजूदा टेस्ट सीरीज में भी विराट कोहली का बल्ला नहीं बोला है। अब तक खेली गई चार पारियों में एक बार वह 70 का आंकड़ा छूने में सफल रहे हैं। पिछले कुछ सालों से उनका औसत भी 30 के करीब रहा है जो उनके नाम के साथ न्याय नहीं करता।
सीरीज के दो मैच जीतकर न्यूजीलैंड टीम क्लीन स्वीप की तरफ बढ़ रही है। अंतिम टेस्ट मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय टीम इस मैच में अपनी प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी और विराट कोहली की भूमिका इस मैच में अहम रहेगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में विराट कोहली का रिकॉर्ड अच्छा रहा है, उनकी तीन बेस्ट पारियों के बारे में आपको जरुर जानना चाहिए।

साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में कोहली ने टीम इंडिया को चेज करते हुए जीत दिलाने का प्रयास किया था। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया लेकिन उन्होंने अपनी तरफ से पूरा प्रयास किया। कम समय में चेज करने के लिए भारतीय टीम को 243 रनों का लक्ष्य मिला था। भारतीय टीम 4 विकेट पर 113 रनों का स्कोर बना पाई और कोहली का इसमें 63 रनों का योगदान था। भारतीय टीम चेज नहीं कर पाई और मुकाबला ड्रॉ हो गया।
इसके बाद साल 2013 में एक बार फिर से भारतीय टीम के सामने इसी मैदान पर वेस्टइंडीज की टीम थी। यह सचिन तेंदुलकर का विदाई मैच था। वेस्टइंडीज को भारत ने 182 पर आउट कर दिया। रोहित और पुजारा ने शतक जड़े। कोहली और तेंदुलकर ने अर्धशतक जमाए। विराट ने 57 रन बनाए थे और टीम इंडिया ने इस मैच को 126 रनों से जीतकर सचिन तेंदुलकर को यादगार विदाई दी थी।
साल 2016 में कोहली अपने पीक पर थे और मुंबई में इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। कोहली ने धांसू बैटिंग कर भारत को पहली पारी में 631 रनों के स्कोर तक लाकर खड़ा कर दिया। इस दौरान उन्होंने दोहरा शतक जड़कर गेंदबाजों का बुरा हाल कर दिया था। उन्होंने 25 चौके और 1 छक्के की मदद से 235 रनों की बड़ी पारी खेली। बाद में अश्विन ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेते हुए इंग्लैंड को पारी से हार झेलने पर मजबूर कर दिया। मुंबई में कोहली के करियर की यह बेस्ट पारी है। कोहली के फैन्स को यही उम्मीदें हैं कि इस बार कीवी टीम के गेंदबाजों के सामने भी वह इसी तरह की एक धाकड़ पारी खेले।












Click it and Unblock the Notifications