लखनऊ में काफी खराब पिच बनाई गई थी, पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने की आलोचना
भारत और न्यूजीलैंड के बीच लखनऊ में खेले गए दूसरे टी20 मैच की पिच को लेकर सवाल उठे हैं, सलमान बट ने भी बयान दिया है।

IND vs NZ 2nd T20: लखनऊ में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मैच में दर्शकों को निराशा का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने एक गेंद शेष रहते इस मैच को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया लेकिन पिच को लेकर हर किसी ने आलोचना की है। खराब पिच पर टी20 मैच कराने को लेकर सवाल उठे हैं। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने भी लखनऊ की पिच को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टी20 क्रिकेट में ऐसी पिचों पर मुकाबले आयोजित नहीं कराने चाहिए।

इस तरह की पिचें नहीं होनी चाहिए
अपने यूट्यूब चैनल पर सलमान बट् ने कहा कि यह खराब पिच थी और टी-20 क्रिकेट में ऐसे पिचें नहीं होनी चाहिए। बल्लेबाजों के लिए थोड़ी चुनौती होनी चाहिए लेकिन यह पिच चुनौती से भी ज्यादा थी। तेज गेंदबाजों के लिए गेंद फिसल चल रही थी और स्पिनरों के लिए गेंद काफी टर्न और बाउंस हो रही थी। बल्लेबाज क्रीज पर सेट ही नहीं हो पा रहे थे और यह एक हैरान करने वाली पिच थी। दोनों ही टीमों के बल्लेबाज इस मैच में रन आउट हुए। इस तरह की पिच पर जब बल्लेबाज खेलते हैं तो उनके दिमाग में असमंजस की स्थिति पैदा होती है। वह नहीं समझ पाते कि उनको बड़े शॉट खेलना है या दौड़कर रन बनाना है।

अलग करने के प्रयास में आउट हुए बल्लेबाज
सलमान बट ने कहा कि बल्लेबाज इस तरह की पिच पर स्वीप और रिवर्स स्वीप खेलकर टर्न को काउंटर करने का प्रयास करते हैं। एक बल्लेबाज कुछ अलग सोच कर खेलने का प्रयास करता है और यही उसकी गिरावट का कारण बनता है। हमने यह देखा था कि किस तरह शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी आउट हुए थे। वे दोनों भी कुछ अलग करने का प्रयास कर रहे थे।

भारत ने अंत में जीता मुकाबला
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 99 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में खेलते हुए भारतीय टीम की स्थिति भी खराब हो गई और मुकाबला अंतिम ओवर तक चला गया। भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 101 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर टीम इंडिया को जीत मिली और सूर्यकुमार यादव का इस जीत में अहम योगदान रहा। वह 26 रन बनाकर नाबाद रहे और प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है और 1 फरवरी को अहमदाबाद में अंतिम मुकाबला खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications