IND vs NZ: टॉम लैथम, केन विलियमसन ने एकतरफा बनाया मैच, भारत को न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से हराया
भारतीय टीम की न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में खराब शुरुआत हुई है क्योंकि उनको पहले मैच में 306 रन बनाकर भी कीवियों के हाथों आसानी से मात मिली। भारत ने अपनी बल्लेबाजी में शिखर धवन, शुबमन गिल, श्रेयस, वाशिंगटन सुंदर की बढ़िया पारियों के दम पर संतोषजनक स्कोर जब खड़ा किया तब गेंदबाजों पर आकर नजर रुकी थी। लेकिन उन्होंने निराश करते हुए टॉम लैथम और केन विलियमसन के आगे खुद को बेबस पाया और न्यूजीलैंड ने 47.1 ओवर में टीम इंडिया को रौंद दिया। (Photo- ICC)

भारत पहले ही पांच गेंदबाजों के साथ उतरा था जिसके लिए टीम सिलेक्शन की फिर से आलोचना हुई और बाद में आखिर वही हुआ जिसका डर था। शुरुआती स्पैल में प्रभावशाली लगे गेंदबाजों का हश्र केन विलियमसन और टॉम लॉथम ने बहुत खराब कर दिया। केन विलियमसन ने साबित किया कि वे टी20 से कहीं बेहतर टेस्ट और वनडे फॉर्मेट के महान खिलाड़ी हैं। उन्होंने वो पारी खेली जिसके लिए वे जाने जाते हैं और लॉथम के साथ मिलकर जो दोहरी शतकीय साझेदारी की उसने मैच को पूरी तरह एकतरफा कर दिया।
चेज करने उतरी कीवी टीम को फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की लेकिन 22 रनों पर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर पंत द्वारा लपके गए। फिर उमरान मलिक ने पहला स्पैल आग उगलने वाला फेंका और वे रफ्तार के सौदागर साबित हुए जहां डेवॉन कोन्वे और डेरिन मिशेल के विकेट उनको मिल गए। तब भारत मैच में आगे लग रहा था।
लेकिन फिर केन विलियमसन और लॉथम ने खेल बदल दिया। शुरुआत में किसी को पता नहीं चला कि ये जोड़ी कहां पर जा रही है। लेकिन जैसे-जैसे टॉम के बल्ले ने रन उगलना शुरू किया तो भारत मैच में पीछे जाने लगा। दूसरे छोर पर केन विलियमसन की खासियत यह रहती है कि वे स्कोर को बिना विपक्षी को पता चले आगे बढ़ाते रहते हैं।
बीच के ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने भी खराब बॉलिंग की। पहला अच्छा स्पैल डालने वाले शार्दुल ठाकुर और उमरान मलिक दूसरे स्पैल में बिल्कुल भी असरदार नहीं साबित हुए और देखते ही देखते टॉम लैथम का तूफानी शतक पूरा हो गया। लैथम बिल्कुल भी रुक नहीं पा रहे थे और गैप ढूंढते हुए स्कोर को ऐसे आगे बढ़ाया जैसे किसी गली क्रिकेट के गेंदबाजों के सामने बैटिंग कर रहे हों।
टॉम लैथम इतने चतुर बल्लेबाज साबित हुए कि बगैर तूफानी अंदाज दिखाते हुए उन्होंने 104 गेंदों पर 145 रनों की नाबाद पारी खेली। कप्तान केन ने 98 गेंदों पर नाबाद 94 रन बनाकर एक और क्लास पारी को अंजाम दिया। लैथम को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया है। ये उनके करियर के बेस्ट पारी है।
भारतीय गेंदबाजी में वाशिंगटन सुंदर फिर भी रन रोकने में कामयाब रहे जहां उन्होंने बीच के ओवर निकालते हुए 10 ओवर में 42 रन दिए पर विकेट नहीं ले सके। उमरान मलिक ने 10 ओवर में 66 रन देकर दो विकेट लिए। युजवेंद्र चहल ने 10 ओवर में 67 रन दिए।
इससे पहले भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने 80, शिखर धवन ने 72 और शुभमन गिल ने 50 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications