IND vs NZ: 1999 के बाद पहली बार हुआ ऐसा धमाका! कॉन्वे-निकोल्स ने 27 साल का सूखा खत्म कर रचा इतिहास
IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वडोदरा के बीसीए (BCA) स्टेडियम में पहला वनडे खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे और हेनरी निकोल्स ने भारतीय सरजमीं पर इतिहास रचने में सफलता हासिल की। मैच के दौरान न्यूजीलैंड की इस सलामी जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली और पहले विकेट के लिए 117 रनों की शानदार साझेदारी की।
27 साल बाद हुआ ऐसा (IND vs NZ 1st ODI)
21.4 ओवर तक चली इस पार्टनरशिप ने टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेल दिया। इस दौरान हेनरी निकोल्स ने 69 गेंदों में 62 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिन्हें आखिरकार हर्षित राणा ने केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इस शतकीय साझेदारी के साथ ही कॉन्वे और निकोल्स की जोड़ी 21वीं सदी की पहली ऐसी कीवी ओपनिंग जोड़ी बन गई है, जिसने भारत में भारत के खिलाफ वनडे मैच में 100 से ज्यादा रन जोड़े हों।

1999 का रिकॉर्ड हुआ धराशायी
न्यूजीलैंड के क्रिकेट इतिहास पर नजर डालें तो आखिरी बार भारत में भारत के खिलाफ शतकीय ओपनिंग पार्टनरशिप 27 साल पहले हुई थी। 5 नवंबर 1999 को राजकोट में नाथन एस्टल और क्रेग स्पीयरमैन ने 115 रनों की साझेदारी की थी। आज वडोदरा में 117 रन जोड़कर कॉन्वे और निकोल्स ने एस्टल और स्पीयरमैन के उस पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
भारत के खिलाफ भारत में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी
दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड के वनडे इतिहास में भारत के खिलाफ भारत में यह दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इससे पहले साल 1988 में एंड्रयू जोन्स और जॉन राइट ने वडोदरा के ही मैदान (मोती बाग) पर 140 रन जोड़े थे।
भारत की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जोश क्लार्कसन, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, आदित्य अशोक, माइकल राय।












Click it and Unblock the Notifications