IND vs NED: पाकिस्तान के बाद भारत का अगला शिकार कौन? इस खतरनाक टीम से आज होगा मैच, ऐसे देख सकेंगे LIVE
IND vs NED T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का विजय रथ अब नीदरलैंड्स के सामने है। भारत पहले ही सुपर-8 चरण के लिए अपनी जगह सुरक्षित कर चुका है, जबकि नीदरलैंड्स की टीम लगभग टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। ऐसे में यह मुकाबला भारत के लिए अपनी कमियों को सुधारने और नॉकआउट चरण से पहले संयोजन को पुख्ता करने का बेहतरीन अवसर है।
अभिषेक शर्मा के लिए फॉर्म में आने का मौका (IND vs NED T20 World Cup 2026)
इस मुकाबले में सबसे अधिक ध्यान युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर होगा। टूर्नामेंट के अब तक के सफर में अभिषेक संघर्ष करते नजर आए हैं। पहले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद, वे पेट में संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ मैच से बाहर रहे थे। पाकिस्तान जैसे हाई-वोल्टेज मैच में उनकी वापसी हुई, लेकिन वहां भी वे अपना खाता नहीं खोल सके। सुपर-8 जैसे महत्वपूर्ण मैचों से पहले टीम मैनेजमेंट चाहेगा कि अभिषेक इस मैच में क्रीज पर समय बिताएं और कुछ रन बनाकर अपना आत्मविश्वास हासिल करें।

ईशान किशन के पास है शानदार फॉर्म
अभिषेक की विफलता के बावजूद टीम इंडिया के लिए राहत की बात ईशान किशन का प्रचंड फॉर्म है। किशन ने अब तक अकेले दम पर बल्लेबाजी क्रम का भार संभाला है। हालांकि, चिंता का विषय मध्यक्रम की स्थिरता है। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और पाकिस्तान के उस्मान तारिक जैसे स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। नीदरलैंड्स के पास आर्यन दत्त और रोलोफ वैन डेर मर्व जैसे अनुभवी स्पिनर हैं, जो भारतीय बल्लेबाजों की इस कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
भारतीय गेंदबाजों, विशेषकर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने अब तक शानदार अनुशासन दिखाया है। वरुण चक्रवर्ती की फिरकी भी प्रभावी रही है। सुपर-8 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव चाहेंगे कि उनके मुख्य गेंदबाज अपनी लाइन और लेंथ पर नियंत्रण बनाए रखें और नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों को कोई मौका न दें।
ऐसे देख सकेंगे लाइव
भारत और नीदरलैंड्स के बीच अब तक केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया है, जिसमें भारत विजयी रहा था। इस वर्ल्ड कप मुकाबले का सीधा प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल दर्शक JioHotstar पर लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।
संभावित प्लेइंग XI
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
नीदरलैंड्स: माइकल लेविट, मैक्स ओ'डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), जैक लायन-कैशेट, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, रोलोफ वैन डेर मर्व, काइल क्लेन, पॉल वैन मीकेरेन।












Click it and Unblock the Notifications