IND vs IRE: आयरलैंड में ढेर हुए IPL के शेर, दूसरे टी20 में 1 रन की हार के सबसे बड़े गुनहगार ये 5 खिलाड़ी
IND vs IRE: भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मैच में 1 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय टीम दो मैचों की टी20 सीरीज 0-2 से गंवा बैठी, इतिहास में पहली बार भारत को आयरलैंड ने सीरीज में हरा दिया। 155 रन का आसान दिखने वाला लक्ष्य भारतीय बल्लेबाजों के सामने मुश्किल बन गया और पूरी टीम 20 ओवर में 153/9 रन ही बना सकी।
भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरलैंड को सिर्फ 154 रन पर रोक दिया था। डेब्यू मैच खेल रहे प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए। इसके बावजूद बल्लेबाजी की खराब शुरुआत और बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम इंडिया जीत के करीब पहुंचकर भी मुकाबला हार गई। आइए जानते हैं उन पांच खिलाड़ियों के बारे में, जिनकी वजह से भारत के हाथ से मैच और सीरीज दोनों फिसल गए।

संजू सैमसन
ओपनर संजू सैमसन पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। टीम को मजबूत शुरुआत देने की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी, लेकिन उनका जल्दी पवेलियन लौटना भारत के लिए पहला बड़ा झटका साबित हुआ। लक्ष्य बड़ा नहीं था, इसलिए अनुभवी बल्लेबाज से लंबी पारी की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हो सकी। पिछले मैच में भी सैमसन का बल्ला खामोश था।
अभिषेक शर्मा
संजू के आउट होने के तुरंत बाद अभिषेक शर्मा भी पहली गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। लगातार दो गेंदों पर दो विकेट गिरने से भारत का स्कोर 0/2 हो गया। इस खराब शुरुआत ने पूरे रन चेज़ का दबाव बढ़ा दिया और टीम कभी भी पूरी तरह मुकाबले पर पकड़ नहीं बना सकी।
श्रेयस अय्यर
कप्तान श्रेयस अय्यर पर पारी संभालने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह सिर्फ 7 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हो गए। शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद कप्तान से लंबी और जिम्मेदार पारी की उम्मीद थी। अगर वह कुछ देर और टिकते तो तिलक वर्मा के साथ बड़ी साझेदारी बन सकती थी। अय्यर भी दोनों बार नहीं चले।
ईशान किशन
ईशान किशन ने 11 गेंदों पर 12 रन बनाए, लेकिन उनका रन आउट होना भारत के लिए महंगा साबित हुआ। वह अच्छी लय में दिख रहे थे और टीम को शुरुआती संकट से निकाल सकते थे। उनके रन आउट होने से भारत पर दबाव और बढ़ गया तथा आयरलैंड को मैच में वापसी का मौका मिल गया।
सूर्यांश शेडगे
डेब्यू मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे से ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह बल्ले से सिर्फ 5 गेंदों में 1 रन ही बना सके। गेंदबाजी में भी उन्होंने 2 ओवर में 25 रन खर्च किए और कोई विकेट नहीं ले पाए। ऐसे करीबी मुकाबले में उनका योगदान टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकता था, लेकिन वह दोनों विभागों में प्रभाव नहीं छोड़ सके।












Click it and Unblock the Notifications