IND vs ENG: 95 साल बाद टूटेगा डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड? शुभमन गिल रच सकते हैं इतिहास
IND vs ENG, Shubman Gill: टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में गिल बल्ले से लगातार धमाल मचा रहे हैं। दो टेस्ट में अब तक गिल चार पारियों में 585 रन बना चुके हैं, जिसमें तीन शानदार शतक शामिल हैं। ऐसे में अब चर्चा इस बात की है कि क्या गिल डॉन ब्रैडमैन का 95 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं?
क्या शुभमन गिल तोड़ेंगे ब्रैडमैन का रिकॉर्ड (IND vs ENG, Shubman Gill)
डॉन ब्रैडमैन ने 1930 की एशेज सीरीज़ में 974 रन बनाए थे जो किसी भी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ में अब तक सबसे ज़्यादा है। भारत की ओर से सबसे ज़्यादा रन का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है, जिन्होंने 1970-71 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 774 रन बनाए थे। लेकिन अब खुद गावस्कर मानते हैं कि गिल उनके और ब्रैडमैन दोनों के रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

सुनील गावस्कर ने कही बड़ी बात
सुनील गावस्कर ने इंडिया टूडे से बात करते हुए कहा कि गिल इस रिकॉर्ड के हकदार हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में ही यह रिकॉर्ड टूट सकता है। उनके खेलने की तकनीक बहुत साफ-सुथरी है और वो टीम की ज़िम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। मुझे बहुत खुशी होगी अगर शुभमन गिल यह रिकॉर्ड अपने नाम कर ले। इतना ही नहीं, गावस्कर ने आगे कहा कि गिल 1,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ भी बन सकते हैं, क्योंकि सीरीज़ में अभी कम से कम 6 पारियां और बची हैं। गिल की फॉर्म को देखते हुए यह असंभव नहीं लगता।
कप्तानी की हुई जमकर तारीफ
गावस्कर ने गिल की कप्तानी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल शांत और संयमित कप्तान हैं। वो जिस तरह बैटिंग में ठहराव दिखाते हैं, वही शांति उनकी कप्तानी में भी नजर आती है। उन्हें किसी और जैसा बनने की जरूरत नहीं है, अपनी शैली पर भरोसा रखें, यही उन्हें खास बनाता है। बता दें कि तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में शुरू होगा, जहां भारत ने अब तक 19 टेस्ट खेले हैं, जिसमें सिर्फ 3 ही जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications