IND vs ENG U19: भारत ने छठी बार जीता वर्ल्ड कप का खिताब, फाइनल में इंग्लैंड को हराकर रचा इतिहास
IND vs ENG U19 Highlights: अंडर-19 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में भारतीय युवा टीम इतिहास रचते हुए इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया है। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह अंडर-19 विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। भारत ने इंग्लैंड द्वारा इसी टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड के खिलाफ बनाए गए 404 रनों के रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने शतक जड़ रचा इतिहास (IND vs ENG U19 Highlights)
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धीमी रही। सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉर्ज महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए मात्र 90 गेंदों में 142 रनों की आक्रामक साझेदारी हुई। म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रनों का योगदान दिया।

भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी ने किया कमाल
मैच के असली हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने मात्र 32 गेंदों में अपना अर्धशतक और 55 गेंदों में शतक पूरा किया। वैभव ने अपनी 175 रनों की पारी में मात्र 80 गेंदों का सामना किया, जिसमें 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने वेदांत त्रिवेदी (32 रन) के साथ 89 रनों की तेज साझेदारी कर भारत को 250 के पार पहुंचाया।
वैभव के आउट होने के बाद मिडल ऑर्डर में अभिज्ञान कुंडू (40), विहान मल्होत्रा (30) और अंत में कनिष्क चौहान के नाबाद 37 रनों की बदौलत भारत ने 400 का आंकड़ा पार किया। इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि सेबास्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन को दो-दो सफलताएं मिलीं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई इंग्लिश टीम
412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम निरंतर अंतराल पर विकेट खोती रही। सलामी बल्लेबाज बेन डॉकिंस (66) और बेन मायेस (45) ने संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे टिक नहीं सके। दीपेश देवेंद्रन और कप्तान आयुष म्हात्रे ने इंग्लैंड के मध्यक्रम को झकझोर कर रख दिया। 22वें ओवर तक इंग्लैंड ने अपने अहम विकेट खो दिए थे, जिसमें दीपेश द्वारा एक ही ओवर में लिए गए दो विकेट और राल्फी एल्बर्ट का रन-आउट शामिल था।
भारत अंडर-19 विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। अब तक टीम इंडिया ने 2000, 2008, 2012, 2018, 2022 और 2026 में यह खिताब अपने नाम किया है। दूसरी ओर, इंग्लैंड ने केवल एक बार 1998 में यह ट्रॉफी जीती थी।












Click it and Unblock the Notifications