पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने ऋषभ पंत को बताया विकेटकीपरों का ब्रायन लारा, कारण है बड़ा ही खास
नई दिल्ली, 3 जुलाई: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने मौजूदा टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ अविश्वसनीय पारी के बारे में बात करते हुए ऋषभ पंत की तारीफ की और उन्हें विकेटकीपरों का ब्रायन लारा कहा।
ब्रायन लारा वेस्टइंडीज के बाए हाथ के बल्लेबाज थे जिनको क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ बाए हाथ के बल्लेबाजों में एक के तौर पर गिना जाता है। लारा अक्सर ऐसी टेस्ट पारिया खेलते थे कि पूरी विपक्षी टीम एक तरफ और लारा अकेले एक तरफ।

'विकेटकीपरों का ब्रायन लारा'
पंत ने एजबेस्टन में मैच के पहले दिन के दौरान 111 गेंदों में 146 रनों की आक्रामक पारी खेली और रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर भारत को बल्लेबाजी के पतन से बचाया। उनकी पारी में 19 चौके और चार छक्के शामिल थे। विकेटकीपर की पारी ने भारत को 416 रनों तक पहुंचाने में मदद की।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, लतीफ ने 24 वर्षीय पंत की पारी का विश्लेषण किया और उन्हें 'विकेटकीपरों का ब्रायन लारा' कहा। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने कहा कि पंत के सीमित लेग मूवमेंट के बावजूद, वह गेंद को जल्दी भांपने की क्षमता रखते हैं।

वही जगह जहां वार्विकशायर के लिए ब्रायन लारा ने 501 रन बनाए
लतीफ ने कहा, "वह (ऋषभ पंत) विकेटकीपरों के ब्रायन लारा हैं। यह मैच बर्मिंघम में हो रहा है, वही जगह जहां वार्विकशायर के लिए ब्रायन लारा ने 501 रन बनाए थे। पंत की आज (शुक्रवार) पारी में आपने लारा की झलक देखी होगी। पंत के पास सीमित पैर हैं, लेकिन वह गेंद को जल्दी भांप सकते हैं।"
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि पंत ने गेंद को अपने पास आने दिया और जब उन्हें मौका दिया गया तो उन्होंने खुद को स्कोर करने की कोशिश करने से नहीं रोका।

जवाब में जॉनी बेयरस्टो का काउंटर गेम
लतीफ ने कहा, "उन्होंने गेंद को अपने पास आने दिया। तेज गेंदबाजों के खिलाफ मिडविकेट की ओर खेले गए 2-3 शॉट शानदार थे। इंग्लैंड ने चार स्लिप और एक गली के साथ दबाव बनाने की कोशिश की, जिसका मतलब था कि बाहर पर्याप्त फिल्डर नहीं थे। जब भी उन्हें कोई मौका मिला, पंत कभी नहीं रुके। "
भारत की पहली पारी के स्कोर के जवाब में, इंग्लैंड पहले दिन पांच विकेट पर 84 रन बना चुका था। मेजबान टीम के लिए जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स ने तीसरे दिन तेज अर्धशतकीय साझेदारी की। स्टोक्स तो दो जीवनदान मिलने के बाद आउट हो चुके हैं लेकिन बेयरस्टों 113 गेंदों पर 91 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड को फॉलोऑन से बचने के लिए 216 के स्कोर तक पहुंचने की जरूरत है और वह बारिश के चलते खेल रोके जाने तक 6 विकेट के नुकसान पर 200 बना चुका था।












Click it and Unblock the Notifications