IND vs ENG: भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल आज, इतने बजे होगा शुरू, LIVE देखने का ये है जुगाड़
IND vs ENG, Live Streaming: टी20 विश्व कप 2026 का कारवां अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल कल यानी गुरुवार (5 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम का मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला फाइनल की दौड़ में पहुंचने के लिए काफी अहम है।
वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल पहुंची भारतीय टीम (IND vs ENG, Live Streaming)
भारतीय टीम ने सुपर-8 के अपने आखिरी और निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया है। इस जीत के सूत्रधार संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 97 रनों की आक्रामक पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव (231 रन) और ईशान किशन (224 रन) शानदार फॉर्म में हैं। विशेषकर ईशान किशन का 185 से अधिक का स्ट्राइक रेट विपक्षी गेंदबाजों के लिए खतरे की घंटी है।

गेंदबाजों में इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी से अब तक 12 विकेट चटकाए हैं और वह बीच के ओवरों में विकेट निकालने की मुख्य जिम्मेदारी संभालेंगे। दूसरी ओर हैरी ब्रुक की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम सुपर-8 चरण में अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप-2 में शीर्ष पर रही है। कप्तान ब्रुक खुद 228 रनों के साथ टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, ऑलराउंडर विल जैक्स टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी बनकर उभरे हैं, जिन्होंने 206 रन बनाने के साथ-साथ 7 विकेट भी हासिल किए हैं। गेंदबाजी में आदिल राशिद (11 विकेट) और जोफ्रा आर्चर की जोड़ी भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेगी।
वानखेड़े की पिच और मौसम का मिजाज
मुंबई में गुरुवार को मौसम काफी गर्म रहने वाला है। दिन का तापमान 39°C तक जा सकता है, जिससे खिलाड़ियों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे प्रशंसकों को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा। वानखेड़े की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के अनुकूल रहती है, जहां छोटा मैदान और तेज आउटफील्ड हाई-स्कोरिंग मैच का संकेत दे रहे हैं।
इतने बजे शुरू होगा मुकाबला
यह महामुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। फैंस इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं, जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों के बीच हुए 29 मुकाबलों में भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। विश्व कप के इतिहास में भी भारत 3-2 से आगे है।












Click it and Unblock the Notifications