IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, लॉर्ड्स में किया बड़ा कमाल, टूट सकता है कपिल देव का रिकॉर्ड!
IND vs ENG Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अपनी गेंदबाज़ी से कहर ढाने वाले जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। बुमराह ने पहले दिन ही वर्ल्ड नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज़ हैरी ब्रुक को आउट किया और फिर दूसरे दिन यानी शुक्रवार को उन्होंने सुबह के सेशन में तीन अहम विकेट झटके।
जसप्रीत बुमराह ने किया कमाल (IND vs ENG Jasprit Bumrah)
सबसे पहले बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को क्लीन बोल्ड किया। ये विकेट 86वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा। इसके बाद 88वें ओवर की पहली ही गेंद पर बुमराह ने इंग्लैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज़ जो रूट को भी क्लीन बोल्ड कर दिया। रूट 104 रन बनाकर खेल रहे थे और अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन बुमराह की तेज़ और सटीक गेंद ने उनकी गिल्लियां उड़ा दीं।

जो रूट को किया सबसे अधिक बार आउट
जो रूट के आउट होते ही बुमराह ने एक खास रिकॉर्ड भी बना दिया। वे पैट कमिंस के साथ मिलकर अब रूट को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा (11 बार) आउट करने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं। इस लिस्ट में उनके बाद जोश हेज़लवुड (10 बार), नाथन लायन (9 बार) और रवींद्र जडेजा (8 बार) का नाम है। बुमराह यहीं नहीं रुके। अगली ही गेंद पर उन्होंने क्रिस वोक्स को शून्य पर आउट कर गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा।
टूट सकता है कपिल देव का रिकॉर्ड
अब अगर बुमराह एक और विकेट लेते हैं तो वे टेस्ट में विदेशी सरजमीं पर भारत की ओर से सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज़ बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड 12 बार के साथ कपिल देव के नाम है और बुमराह उनके बराबर पहुंच चुके हैं। साथ ही बुमराह अगर एक और इंग्लिश बल्लेबाज़ को आउट करते हैं तो वे इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ ईशांत शर्मा (48 विकेट) की बराबरी कर लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications