IND vs ENG: DRS पर जमकर हुआ ड्रामा! यशस्वी से उलझे बेन स्टोक्स, फिर KL राहुल ने संभाली कमान, Video
England vs India, 2nd Test: एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी के दौरान DRS को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। भारत के ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को जब अंपायर ने LBW आउट दिया, तो उन्होंने रिव्यू लेने का फैसला किया- लेकिन टाइमर जीरो पर पहुंच चुका था। यहीं से बात बिगड़ गई और विवाद शुरू हो गया।
मैच के आठवें ओवर में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जॉश टंग (Josh Tongue) की एक गेंद अंदर आती हुई यशस्वी के पैड से टकराई। अंपायर शरफुद्दौला ने बिना वक्त गंवाए उंगली उठा दी। जायसवाल ने साथी बल्लेबाज KL राहुल से सलाह की और रिव्यू लेने का इशारा किया, लेकिन स्क्रीन पर DRS का टाइमर खत्म हो चुका था।

इसके बावजूद अंपायर ने रिव्यू स्वीकार कर लिया। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स तुरंत अंपायर के पास पहुंचे और फैसले पर आपत्ति जताने लगे। इस बहस में KL राहुल ने दखल दिया और माहौल को शांत करने की कोशिश की।
आखिर में मंजूर कर लिया रिव्यू
हालांकि, आखिरकार रिव्यू मंजूर कर लिया गया, लेकिन भारत के पक्ष में फैसला नहीं आया। बॉल ट्रैकिंग में दिखा कि गेंद लेग स्टंप के ऊपर लग रही थी और अंपायर का फैसला बरकरार रहा। यशस्वी को 28 रन पर पवेलियन लौटना पड़ा।
मोहम्मद सिराज ने गेंद से दिखाया कमाल
इससे पहले दिन में मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और इंग्लैंड को 407 रन पर समेट दिया। भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे, जिसमें शुभमन गिल के 269 रन शामिल रहे।
एजबेस्टन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। पहली पारी में 180 रन की बड़ी बढ़त लेने के बाद टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 13 ओवर में 64 रन पर सिर्फ एक विकेट खोया है और कुल बढ़त 244 रन की हो चुकी है।
क्रीज पर KL राहुल (28 रन) टिके हुए हैं और करुण नायर 7 रन बनाकर डटे हुए हैं। शुभमन गिल की शानदार 269 रनों की पारी पहले ही टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुकी है। इससे पहले इंग्लैंड की टीम 407 रन पर सिमट गई, जिसमें सिराज ने 6 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। अब चौथे दिन भारत की कोशिश होगी कि वह इंग्लैंड के सामने 400 से ज्यादा का टारगेट सेट करे और सीरीज में बराबरी का मौका बनाए रखे।












Click it and Unblock the Notifications