3rd T20I: पूरी टीम इंडिया ने मिलकर बेकार की अकेले योद्धा सूर्यकुमार यादव की चमत्कारी पारी
ट्रेंट ब्रिज, 10 जुलाई: सूर्यकुमार यादव ने अपना पहला टी20 शतक पूरा करते हुए भारत को एक ऐसे मुकाबले में लड़ाई करने के काबिल बना दिया जहां उनका साथ कोई भी बल्लेबाज नहीं दे सका। यादव ने अकेल दम पर मोर्चा संभालते हुए 117 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उनकी यह लड़ाई 19वें ओवर में खत्म हुई जिसके साथ ही भारत का यह मुकाबला जीतकर सीरीज को क्लीन स्वीप करने का मौका भी खत्म हो गया। इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए भारत को 216 रनों का टारगेट दिया था जिसके जवाब में टीम इंडिया ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 198 रन बना पाई।

पहला इंटरनेशनल शतक केवल 48 गेंदों पर पूरा किया
इसके साथ ही इंग्लिश टीम को 17 रनों से जीत मिली लेकिन भारत ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मैच रोमांचक अंदाज में चला जबकि इससे पहले यह पूरी तरह से इंग्लैंड के पाले में झुकता चला जा रहा था। तभी सूर्यकुमार यादव वे ऐसी पारी खेली कि वे टी20 वर्ल्ड कप की रेस में मीडिल ऑर्डर में सबसे बड़े दावेदार बनकर उभरे हैं। उनको नजरअंदाज करना अब नामुमकिन होगा।
यादव ने अपना पहला इंटरनेशनल शतक केवल 48 गेंदों पर पूरा किया और भारत की पूरी पारी को अपने कंधे पर ढोया। यादव ने शतक के लिए 12 चौके और 5 छक्के लगाए।

बाकी कोई सूरमा कुछ नहीं कर पाया
इससे पहले भारत ने अपने टॉप के तीन बल्लेबाज केवल 31 रन पर खो दिए थे। रोहित शर्मा और विराट कोहली 11-11 रनों की पारियां खेलकर चलते बने। ओपनिंग में आए पंत ने केवल 1 ही रन बनाया।
ऐसे में श्रेयस अय्यर के साथ सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। अय्यर अपनी पूरी के दौरान अच्छे टच में नहीं थे लेकिन यादव ने इसकी कमी महसूस नहीं होने दी। अय्यर ने टॉपले का तीसरा शिकार बनने से पहले 23 गेंदों पर 28 रन बनाए।

यादव दूसरे छोर पर विकेटों का पतझड़ देखते रहे
इससे पहले टॉपले ने रोहित और पंत को चलता किया था। अय्यर के जाने के बाद दिनेश कार्तिक के लिए मंच सज चुका था लेकिन यह अनुभवी एक बार फिर निराश करके चला गया। ऐसा लगता है कार्तिक तेजी से अपने मौकों को दोबारा खोने लगे थे। उन्होंने पिछली कुछ पारियों में लगातार निराश किया है।
विली की गेंद पर पगबाधा हुए कार्तिक के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा ने तेजी से छक्का लगाकर भारत को मैच में बनाए रखने का वायदा दिखाकर तुरंत अपना विकेट गंवा दिया। वे रिचर्ड ग्लीसन की गेंद पर आउट हुए। जडेजा ने 7 रन बनाए। यादव दूसरे छोर पर विकेटों का पतझड़ देखते रहे।

14 चौके और 6 छक्के लगाए
उन्होंने मोइन अली द्वारा फेंके 19वें ओवर में 4 गेंदों पर 16 रन बटोकर इंग्लैंड की सांसे रोक दी थी लेकिन वे अली को सीधा शॉट मारने के फेर में सॉल्ट द्वारा कैच हो गए। यादव ने 55 गेंदों पर 117 रनों की जादुई पारी खेली। उन्होंने 14 चौके और 6 छक्के लगाए।
इंग्लैंड की ओर से रीस टॉपले ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने इतने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। डेविड विली को 2, ग्लीसन और मोइन को 1-1 विकेट मिला।

भारत के लिए तीन चीजें फिलहाल सही नहीं जा रही हैं
भारत के लिए तीन चीजें फिलहाल सही नहीं जा रही हैं- विराट कोहली की वापस आती नजर नहीं आने वाली फॉर्म, उमरान मलिक का इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए अभी कच्चा होना और दिनेश कार्तिक का दोबारा से अपने मौकों को जाया करना।
लेकिन अच्छी बात यह है कि इन सबके विकल्प भारत के पास मौजूद हैं।

वनडे सीरीज 12 जुलाई से शुरू होगी
इसके साथ ही यह कप्तान के तौर पर जोस बटलर की भी पहली जीत थी। भारतीय टीम के लिए इंग्लिश सीरीज बहुत अच्छी रही क्योंकि वे आराम से शुरुआत के दोनों मैच जीते और अंतिम मुकाबला तब हारे जब भारत ने बहुत ज्यादा प्रयोग किए। भारत को टी20 वर्ल्ड कप का सही संयोजन बैठाना है। फिलहाल टी20 सीरीज समाप्त हो गई है और वनडे सीरीज 12 जुलाई से शुरू होगी।












Click it and Unblock the Notifications