Ind vs Eng 2nd ODI: दूसरे वनडे में कौन सी टीम का पलड़ा है भारी? बाराबती स्टेडियम में किसने जीते ज्यादा मैच
Ind vs Eng 2nd ODI: भारत ने वनडे सीरीज का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। नागपुर में खेले गए पहले वनडे मैच में भारतीय टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज की। पहला मैच जीतने के बाद भारतीय टीम अपनी लय को दूसरे मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी। 9 फरवरी यानी रविवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले का इंतजार फैंस भी बेसब्री के साथ कर रहे हैं।
दोनों टीमों की नजरें जीत पर (Ind vs Eng 2nd ODI)
पहले वनडे में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया था। भारतीय टीम ने इस मैदान पर पहला वनडे साल 1982 में खेला था। आखिरी बार टीम ने यहां 2019 में अपना आखिरी मैच खेला था। अब छह साल बाद एक बार फिर भारतीय टीम इस मैदान पर उतरने वाली है। भारत और इंग्लैंड दोनों की कोशिश दूसरे वनडे मैच को जीतने की होगी।

भारत-इंग्लैंड में किसका पलड़ा भारी
कटक का मैदान भारतीय क्रिकेट के लिए हमेशा खास रहा है। खासकर इंग्लैंड के खिलाफ टीम का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 10 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें टीम ने 6 जीत और 4 हार का सामना किया है। साल 2017 में दोनों टीमों के बीच खेला गया आखिरी वनडे मैच बहुत ही रोमांचक था, जिसमें भारत ने 15 रनों से जीत हासिल की थी।
सचिन तेंदुलकर के नाम है बड़ा रिकॉर्ड
इसके अलावा 2017 में भारतीय टीम द्वारा इंग्लैंड के खिलाफ बनाए गए 381 रनों का रिकॉर्ड भी बहुत खास है। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने इस मैदान पर 10 वनडे खेले थे। इसकी 10 पारियों में 58.62 की औसत से 469 रन बनाने में कामयाब रहे थे। इसके अलावा मौजूदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने यहां 3 मैचों की 3 पारियों में 71.50 की औसत से 143 रन बनाए हैं।
बाराबती स्टेडियम में किसे मिलेगा फायदा
कटक के बाराबती स्टेडियम को भारतीय क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदानों में एक है। इस मैदान पर अब तक कुल 21 वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें से 19 मैच भारतीय टीम ने खेले हैं। इन मुकाबलों में से 12 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीतने में कामयाबी हासिल की। इस मैदान पर पीछा करना आमतौर पर फायदेमंद साबित होता है।
बता दें कि टीम इंडिया ने यहां खेले गए 19 मुकाबलों में से 13 में जीत दर्ज की, जबकि 4 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा और 2 मुकाबले रद्द हो गए। बाराबती स्टेडियम की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए औसत स्कोर 225 से 230 रन के बीच रहा है, जो कि अन्य मैदानों से थोड़ा कम है।












Click it and Unblock the Notifications