IND vs ENG: इस शख्स ने स्टेडियम में खड़े होकर बना डाली लाइव मैच की पेंटिंग, कुलदीप यादव भी हुए फैन
IND Vs ENG, 1st Test: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले टेस्ट मैच में शिकंजा कस लिया है। पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन चायकाल तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 172 रन बना लिए हैं। ओली पोप 67 रन और बेन फोक्स दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की कोशिश इंग्लैंड को जल्द से जल्द ऑल आउट करने की होगी।
भारत को मिली 190 रनों की बढ़त
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 246 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया। भारत ने पहली पारी में 436 रन बनाए थे। जिसकी बदौलत भारत ने इंग्लैंड पर 190 रनों की बढ़त हासिल की।

पेंटिग हो रही वायरल
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे इस टेस्ट मैच के दौरान एक आर्टिस्ट की चर्चाएं जोरों पर है। सोशल मीडिया पर एक पेंटिंग वायरल हो रही है जिसे इस मैच के दौरान एक शख्स ने लाइव बनाने का काम किया है। लाइव मैच के दौरान हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पेंटिंग बनाने वाले शख्स का नाम एंडी ब्राउन है।
शख्स का नाम है एंडी ब्राउन
रिपोर्ट के मुताबिक एंडी ब्राउन ब्रिटेन के आर्टिस्ट हैं जो भारत और इंग्लैंड मुकाबला देखने के लिए हैदराबाद आए हुए हैं। एंडी ब्राउन की शानदार पेंटिंग ने भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव का भी ध्यान खींचने का काम किया। मैच के पहले दिन एंडी ब्राउन ने स्टेडियम की पेंटिंग बनाई थी। जिसे देखकर कुलदीप यादव काफी प्रभावित हुए थे।
कुलदीप यादव ने ली सेल्फी
कुलदीप यादव ने हाथ में पेंटिंग लेकर इस शख्स के साथ सेल्फी भी निकलवाई थी। कुलदीप यादव की आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल ने अपने खिलाड़ी की तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे हैदराबाद टेस्ट का आज तीसरा दिन है। भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications