12 साल बाद टीम में आकर टूटा जयदेव उनादकट का सपना, बड़ी वजह से बांग्लादेश नहीं गए, पहले टेस्ट से बाहर
जयदेव उनादकट को बांग्लादेश दौरे पर टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। अहम वजह से वह अब पहले टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे।

Jaydev Unadkat Visa Issue for Bangladesh Test Series: जयदेव उनादकट को 12 साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापस बुलाया गया है। टीम में शामिल करने की घोषणा के बाद जयदेव उनादकट की ख़ुशी का ठिकाना नहीं था लेकिन अब उनके लिए एक निराश करने वाली खबर आ रही है। सौराष्ट्र से आने वाला यह गेंदबाज अभी तक भारत से बाहर नहीं निकल पाया है। चटगांव में बुधवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच में शायद वह नहीं खेल पाएंगे। जयदेव उनादकट बांग्लादेश नहीं पहुंचे हैं।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार जयदेव उनादकट का वीजा नहीं हो पाया है और बीसीसीआई का लोजिस्टिक विभाग इस पर काम कर रहा है। यह भी सामने आ रहा है कि अभी तक वह राजकोट में अपने घर पर ही हैं। हालांकि मैच की अंतिम इलेवन को लेकर कोई निर्णय फ़िलहाल नहीं हुआ है लेकिन जयदेव उनादकट की अनुपस्थिति में किसी अन्य खिलाड़ी को मौका मिल सकता है। अनुभव को देखते हुए नवदीप सैनी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को भी एक दावेदार माना जा सकता है। बाकी चीजें टॉस के समय ही सामने आ पाएंगी।
बतौर ओपनर टीम में केएल राहुल और शुभमन गिल मौजूद हैं। उनके अलावा विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा मध्य क्रम में हैं। तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज और उमेश यादव को टीम में शामिल किया जा सकता है। उनके अलावा स्पिन विभाग में रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल को चुना जा सकता है। दोनों बेहतरीन स्पिनर होने के साथ बल्ले से भी अहम योगदान देने की क्षमता रखते हैं। जयदेव उनादकट का दुर्भाग्य कहा जा सकता है कि 12 साल बाद उनको मौका मिलने के बाद वीजा के कागज़ तैयार नहीं हो पाए। देखना होगा कि इस मामले में अब बीसीसीआई क्या करती है।
भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है
केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उप कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।












Click it and Unblock the Notifications