'IPL में खेलना चेतेश्वर पुजारा के बस की बात नहीं है,' भारतीय खिलाड़ी का चौंकाने वाला बयान
चेतेश्वर पुजारा ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में तेज शतक जड़ा है, इसके बाद उनके खेलने की शैली को लेकर बयानबाजी हुई है।

IND vs BAN 1st Test, Cheteshwar Pujara: चेतेश्वर पुजारा ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 130 गेंदों का सामना करते हुए शतक जमा दिया था। टेस्ट करियर में यह उनका सबसे तेज शतक था। विशेषज्ञों ने इसके बाद पुजारा की आक्रामक शैली की तारीफ की और आईपीएल को लेकर भी कुछ बातें कही। इस बीच दिनेश कार्तिक का मानना है कि आईपीएल जैसा तेज टूर्नामेंट पुजारा के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि चेतेश्वर पुजारा खूद भी इस बात को जानते हैं कि वह इस टूर्नामेंट के लिए नहीं बने हैं।
आईपीएल पुजारा के बस की बात नहीं
भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक का मानना है कि पुजारा आईपीएल में खेलने के लिए उत्सुक नहीं हैं। क्रिकबज से बातचीत में कार्तिक ने कहा कि पुजारा ने कोशिश की है लेकिन आईपीएल उनके बस की बात नहीं है। वह अपने कौशल को सुधारने के लिए उस समय इंग्लैंड में खेलते हैं। उम्र के इस पड़ाव में कोई पॉइंट साबित नहीं करना होता, बल्कि यह अहम होता है कि आप कहां खेलते हो। यह जरूरी होता है कि आप किस तरह खेलने का लुत्फ़ उठाते हैं और पुजारा को सब पता है।
इंग्लैंड में आता है पुजारा को मज़ा
दिनेश कार्तिक ने कहा कि चेतेश्वर पुजारा इंग्लैंड में जाकर खेलते हैं और उनको मज़ा आता है। वह अपने परिवार को भी वहां लेकर जाते हैं। उन्होंने अपने खेलने की एक जगह देख ली है और वहां जाकर खेलते हैं। एक क्रिकेटर के तौर पर आपको इस तरह की चीजों की आवश्यकता होती है क्योंकि मुकाबला हर समय करना होता है। आपको एक लड़ाई के बाद दूसरी लड़ाई के लिए जाना होता है और पुजारा अभी वही कर रहे हैं।
चार साल बाद आया है पुजारा का शतक
गौरतलब है कि यह भारतीय बल्लेबाज काफी समय से टेस्ट क्रिकेट में शतक की तलाश में था लेकिन ऐसा हो नहीं रहा था। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में वह पल आया और पुजारा ने करीबन चार साल बाद एक शतक जड़ा। यह शतक उनके लिए हर मायने में खास रहा है। उन्होंने अपने करियर का सबसे तेज टेस्ट शतक जमाया। इसके अलावा उनके करियर में शतक का अकाल समाप्त हो गया। पुजारा के शतकों की टैली 18 पर अटकी हुई थी, इसे अब उन्होंने 19 कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications