IND vs BAN: बांग्लादेश के 3 दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी, भारत के खिलाफ टेस्ट टीम का ऐलान
वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया के खिलाफ बांग्लादेश को टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। पहले टेस्ट मैच के लिए टीम की घोषणा कर दी गई है।
IND vs BAN, 1st Test Bangladesh Team: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद बांग्लादेश टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलेगी। पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मेजबान टीम की घोषणा कर दी है। मुशफिकुर रहीम की टीम में वापसी हुई है। उनके अलावा तस्कीन अहमद को भी टीम में शामिल किया गया है। तस्कीन चोट के कारण भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में नहीं खेल पाए थे। मेजबान टीम में कुल 17 खिलाड़ी शामिल किये गए हैं। टीम में एक नया नाम भी शामिल किया गया है। दूसरे टेस्ट मैच की टीम बाद में घोषित की जाएगी।

तीन खिलाड़ियों की टीम में वापसी
टीम के मुख्य खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम वापस आ गए हैं। वह जून में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए थे। वह व्यक्तिगत कारणों से टीम में नहीं थे। अब एक बार फिर से वह अपनी बैटिंग और कीपिंग दिखाने के लिए तैयार हो गए हैं। तस्कीन अहमद चोट के कारण भारत के खिलाफ पहले दो एकदिवसीय मैचों से भी बाहर थे। वह टीम में आए हैं और यासिर अली भी चोट से ठीक होकर वापस लौट आए हैं। इस तरह इन तीनों को टीम में शामिल किया गया है।

तमीम इकबाल अब भी बाहर
वनडे सीरीज से बाहर हो चुके तमीम इकबाल पहले टेस्ट की टीम में शामिल नहीं किये गए हैं। तमीम इकबाल इस समय ग्रोइन इंजरी से परेशान हैं। वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले वह बाहर हो गए थे। घरेलू सीरीज में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे जाकिर हसन को पहली बार जगह मिली है। भारत ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट मैच में वह प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुने गए थे। पहला टेस्ट 14 दिसंबर से चटगांव में और दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर से ढाका में शुरू होगा। मेजबान टीम पहले ही वनडे सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त बना चुकी है।

पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश टीम
महमुदुल हसन जॉय, नजमुल हसन शांतो, मोमिनुल हक, यासिर अली चौधरी, मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, सैयद खालिद अहमद, एबादत हुसैन, शोरिफुल इस्लाम जाकिर हसन, रेजौर रहमान राजा, अनामुल हक बिजॉय।












Click it and Unblock the Notifications