IND vs BAN: बांग्लादेश का अहम खिलाड़ी पहले टेस्ट से बाहर, कप्तान को लेकर नहीं हुआ फैसला
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन के खेलने को लेकर निर्णय नहीं हुआ है लेकिन तस्कीन अहमद इस मैच में नहीं खेलेंगे।

IND vs BAN 1st Test: बांग्लादेश टीम घरेलू टेस्ट सीरीज में पहले मैच के लिए बुधवार को भारतीय टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। इससे पहले टीम में कुछ खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आई है। शाकिब अल हसन की चोट का स्कैन कराया गया था और सब कुछ सही होने की खबरें आईं थी। इसके बाद भी पहले टेस्ट में उनके खेलने पर संदेह है और अभी तक निर्णय नहीं लिया गया है। उनके अलावा तस्कीन अहमद को पहले टेस्ट में बाहर रखने का फैसला लिया गया है।
शाकिब अल हसन पर फैसला शाम तक
भारत के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के दौरान उमरान मलिक की गेंद शाकिब की पसली पर लग गई थी। इसके बाद उनका स्कैन कराया गया था। मीडिया से बातचीत करते हुए बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो ने कहा कि शाकिब की पसलियों और कंधे में अभी समस्या है। हम उनके खेलने को लेकर शाम तक निर्णय लेंगे। उम्मीद है कि वह गेंद को लगातार हिट करना जारी रखेंगे और बाद में हम दोपहर में जांच कर देखेंगे कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं।
तस्कीन अहमद नहीं खेलेंगे
बांग्लादेश के कोच ने कहा कि तस्कीन अहमद के लिए कोई जोखिम नहीं लेंगे। वह कुछ इंजेक्शन के बाद वापस आए हैं। इन परिस्थितियों में चटगांव में उनको डेढ़ दिन के लिए गेंदबाजी कराना फायदेमंद नहीं होगा। गौरतलब है कि चटगांव की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है। ऐसे में तस्कीन को खिलाने पर उनको काफी गेंदबाजी करनी पड़ सकती है। यही कारण है कि कोच ने पहले टेस्ट मैच से अपने इस बेहतरीन गेंदबाज को बाहर रखने का निर्णय लिया है।
पहले टेस्ट मैच के लिए बांग्लादेश की टीम
बांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान) महमूदुल हसन, लिट्टन दास, खालिद अहमद, नजमुल हुसैन शंटो, नूरुल हसन, इबात हुसैन, मोमिनुल हक़, मेहंदी हसन मिराज, शरीफुल इस्लाम, यासिर अली, तैजुल इस्लाम, ज़ाकिर हसन, मुश्फिकुर रहीम, तस्कीन अहमद, रहमान रजा, अनामुल हक।












Click it and Unblock the Notifications