दीपक चाहर की जगह उमेश यादव ने मैच क्यों खेला? नेहरा ने कहा- अब तो कंफ्यूजन हो गया है
नई दिल्ली, 22 सितंबर: क्या टीम इंडिया के सिलेक्शन में कुछ गड़बड़ है? या मामला कुछ और है, इस बारे में माथापच्ची की जा सकती है क्योंकि भारत ने जिस तरह से उमेश यादव को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 के लिए जगह दी है वह पचनी आसान नहीं है। उमेश ने शमी की जगह ली जिनको ऐन मौके पर कोरोना हो गया। उमेश काफी महंगे भी साबित हुए, हालांकि उन्होंने विकेट भी हासिल किए। इसके बावजूद मैच पर इसका फर्क नहीं पड़ा और ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ जीतने में किसी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा।

उमेश को अचानक मौका क्यों दिया गया?
सवाल है उमेश को अचानक मौका क्यों दिया गया? वे तीन साल बाद वापसी कर रहे थे। दीपक चाहर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में बेंच पर बैठाया गया था। भारत की गेंदबाजी इतनी खराब साबित हुई कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सफेद गेंद फॉर्मेट में भारत के अंदर अपना दूसरा सबसे सफल पीछा कर लिया।
हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार ने 8 ओवर में 101 रन खर्च किए और यादव ने 2 विकेट 27 रन देकर लिए। उन्होंने कोटे से दो ही ओवर फेंके। केवल अक्षर पटेल ही बेहतर थे। वे काफी बेहतर थे।

दीपक चाहर जैसा खिलाड़ी बेंच पर
दूसरी ओर दीपक चाहर जैसा खिलाड़ी बेंच पर था। चाहर को विश्व कप की स्कीम में रखा गया है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में जगह ना मिलने पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा हैरान हैं। उनका यह बेतुका फैसला लगा है। नेहरा का मानना है कि उमेश की जगह पर मोहाली में चाहर को जगह मिलनी चाहिए थी।
बता दें कि चाहर और शमी दोनों को ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिए स्टेंडबॉय खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है।

कंफ्यूजन की स्थिति है
नेहरा ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, "उमेश यादव क्यों खेल रहे हैं? आप शमी को लेकर आए और फिर आपके पास दीपक चाहर थे। आपने कहा कि बुमराह फिट नहीं थे, मैं यह भी जानना चाहूंगा कि आपने दीपक चाहर को क्यों नहीं खिलाया। एक समय था जब भुवनेश्वर कुमार की जगह चाहर सबसे आगे चल रहे थे। अगर दीपक चाहर खेलने के लिए फिट थे और उमेश यादव उनसे आगे खेले हैं, तो कंफ्यूजन की स्थिति है।"

बुमराह के आने से क्या हालात सुधर जाएंगे?
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने सवाल उठाया कि क्या बुमराह की वापसी से टीम की गेंदबाजी की समस्या हल हो जाएगी क्योंकि विश्व टी20 के नजदीक होने पर गेंदबाजी में प्रदर्शन में गिरावट देखी गई।
उन्होंने कहा, "ये अच्छे संकेत नहीं हैं। ठीक है, एशिया कप में, हम कह रहे थे कि हमारे पास हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह नहीं हैं। हर्षल पटेल यहां थे और वह रन लुटा गए। कौन जानता है कि बुमराह वापसी करें और शायद रन लीक करने से बच ना सकें। इसलिए, हम यह नहीं कह सकते कि एक दिन हमारे मुख्य खिलाड़ी वापसी करेंगे और हम मैच जीतेंगे। जितना अधिक हम टी 20 विश्व कप के करीब हैं, हमारा प्रदर्शन गिर रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications