IND vs AUS: भारत का विजयी रथ रुका, ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई वनडे में हराकर सीरीज 2-1 से जीती
भारतीय टीम के लिए हार्दिक पांड्या ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। गेंदबाजी में अपना जलवा दिखाने के बाद पांड्या ने बल्लेबाजी में भी हाथ दिखाए।

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई में खेले गए तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए भारतीय टीम को तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-1 से हरा दिया। चार साल बाद घर में भारतीय टीम ने वनडे सीरीज हारी है। लगातार 8 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया को पराजय का सामना करना पड़ा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 269 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। जवाब में खेलते हुए टीम इंडिया यह स्कोर हासिल नहीं कर पाई।
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के ओपनरो ने अच्छी बैटिंग की। मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने मिलकर पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। हेड को 33 के निजी स्कोर पर आउट कर पांड्या ने यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद स्मिथ भी पांड्या की गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। मिचेल मार्श अच्छा खेलते हुए 47 के निजी स्कोर पर चलते बने। ऑस्ट्रेलिया के लिए एक भी फिफ्टी नहीं लगी लेकिन बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया। वॉर्नर 23, लाबुशेन 28 और एलेक्स कैरी ने 38 रन बनाये। स्टोइनिस ने 25 और एबॉट ने 26 रन बनाये। इस तरह ऑस्ट्रेलिया 49 ओवर में 269 रन बनाकर आउट हो गई। भारत के लिए हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने 3-3 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए भारतीय ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। इस बीच रोहित शर्मा 30 और गिल 37 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली ने जिम्मेदारी से खेलते हुए केएल राहुल के साथ अर्धशतकीय भागीदारी की। राहुल 32 रन बनाकर चलते बने। कोहली अपनी फिफ्टी के बाद 54 के स्कोर पर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव लगातार तीसरी बार गोल्डन डक पर चलते बने। हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में हाथ दिखाए और 40 रन बनाकर एक खराब शॉट पर आउट हो गए। जडेजा के साथ भी ऐसा ही हुआ। वह 18 रन पर आउट हो गए। अंतिम ओवर में टीम इंडिया 248 रन पर आउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज जीत ली। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जैम्पा ने 4 विकेट झटके। एश्टन एगर को 2 विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications