IND vs AUS: सुनील गावस्कर ने रविन्द्र जडेजा को लगाई फटकार, नो बॉल मामले पर आया गुस्सा
इंदौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन रविन्द्र जडेजा की गेंद नो बॉल दी गई और बल्लेबाज इस पर आउट था, जडेजा ने पहले टेस्ट में भी ऐसा किया था।

IND vs AUS 3rd Test: इंदौर में तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 156 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर के पीछे भी एक बड़ी कहानी है। रविन्द्र जडेजा ने मार्नस लाबुशे'न को बिना खाता खोले आउट कर दिया था लेकिन वह एक नो बॉल थी। इसके बाद लाबुशेन और ख्वाजा ने मिलकर एक बड़ी भागीदारी की और ऑस्ट्रेलिया की टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाल लिया। जडेजा ने इस सीरीज में कई बार नो बॉल फेंकी है। इसे लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील गावस्कर नाखुश दिखे। गावस्कर ने कहा कि इस तरह काम नहीं चलने वाला है।

सुनील गावस्कर ने लगाई फटकार
नो बॉल के बाद सुनील गावस्कर ने कहा कि यह स्वीकार करने योग्य नहीं है। उन्होंने दो मैन ऑफ़ द मैच हासिल किये हैं लेकिन एक स्पिनर नो बॉल डाल रहा है। मैं समझता हूं कि पारस म्हाम्ब्रे को उनके साथ बैठना चाहिए और पीछे से गेंदबाजी करानी चाहिए। भारतीय टीम को इस समस्या का नतीजा भुगतना पड़ सकता है। गौरतलब है कि लाबुशेन प्लेडऑन हो गए थे। विकेट की ख़ुशी में जडेजा और टीम इंडिया के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे थे लेकिन अम्पायर ने कहा कि यह एक नो बॉल है। इस तरह मार्नस लाबुशेन को एक जीवनदान मिल गया।

पहले भी जडेजा ने डाली है नो बॉल
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जडेजा ने इस सीरीज में नो बॉल डाल विकेट हाथ से गंवाया हो। इससे पहले नागपुर टेस्ट मैच में भी कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला था। दूसरी पारी के दौरान जडेजा की गेंद पर स्टीव स्मिथ आउट हुए थे लेकिन यह भी एक नो बॉल थी। इस तरह वह 250 विकेट से पीछे रह गए। हालांकि वह इस टेस्ट मैच में प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने गए थे। दिल्ली टेस्ट में भी वह धाकड़ गेंदबाजी के कारण प्लेयर ऑफ़ द मैच रहे थे।

भारत के लिए जडेजा ही रहे टॉप गेंदबाज
इंदौर टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी के बाद भारत की बारी थी। टीम इंडिया के स्पिनरों में एक बार फिर से जडेजा सामने आए। वह चार विकेट लेने में सफल रहे। दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 156 रन बनाए। सभी विकेट जडेजा के खाते में ही गए। लाबुशेन के विकेट के समय नो बॉल नहीं होती तो शायद स्कोर कुछ और भी हो सकता था।












Click it and Unblock the Notifications