IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टी-20 आज, क्या बारिश फिर बनेगी विलेन? पिच से किसे मिलेगा फायदा
IND vs AUS 2nd T20 Match MCG Pitch-Weather Report: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानी शुक्रवार को खेला जाएगा। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) के विशाल मैदान पर होने वाले इस मुकाबले पर फैंस की नजरें बनी हुई है। कैनबरा में पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद दोनों टीमें इस अहम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
पहले टी-20 में भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाया था दम (IND vs AUS 2nd T20 Match MCG Pitch-Weather Report)
पहले टी-20 में भारत ने 9.4 ओवर में 97/1 का मज़बूत स्कोर बना लिया था, लेकिन तेज़ बारिश के कारण मैच रद्द करना पड़ा। इस दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव (24 गेंदों पर 39 रन) ने अपनी पुरानी लय की झलक दिखाई, जबकि उप-कप्तान शुभमन गिल भी 37 रन बनाकर अच्छी फॉर्म में दिखे। वहीं अभिषेक शर्मा ने भी शुरुआती ओवर्स के अंदर कुछ दमदार शॉट खेलने में सफलता हासिल की थी।

कैसा रहेगा मेलबर्न का मौसम?
एक बार फिर फैंस और खिलाड़ियों के लिए मौसम चिंता का विषय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार यानी 31 अक्तूबर को मेलबर्न में दिन भर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की आशंका है। मैच के निर्धारित समय यानी दोपहर में भी 71 प्रतिशत बारिश की संभावना है। आसमान में 99% बादल छाए रहेंगे, जो मैच के रोमांच को फीका कर सकते हैं। फैंस यही उम्मीद कर रहे होंगे कि बारिश थमे और उन्हें एक पूरा मुकाबला देखने को मिले।
मैच से पहले जानिए पिच रिपोर्ट
MCG इस सीजन का अपना पहला मैच होस्ट कर रहा है। यह मैदान अपनी विशाल बाउंड्री और गेंदबाजों के लिए थोड़ी मदद के लिए जाना जाता है। आमतौर पर टी20 मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा रहता है, लेकिन MCG का बड़ा आकार गेंदबाजों को कुछ राहत देता है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ नाथन एलिस ने हाल ही में कहा है कि बिग बैश लीग के मैचों में यहां बड़े स्कोर बने हैं, जिससे पता चलता है कि बल्लेबाजों को भी फायदा मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications