जीत के बाद पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम में दिखी भारतीय महिला टीम, खास वजह से वायरल हुई तस्वीर
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला विश्वकप के चौथे मैच में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें बे ओवल के मैदान पर एक दूसरे से भिड़ी, जिसमें भारतीय टीम ने 107 रनों की विशाल जीत हासिल कर अपने विश्वकप अभियान की जीत के साथ शुरुआत की है। इस जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ विश्वकप और वनडे प्रारूप में अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम को विश्वकप में मिली यह चौथी और ओवरऑल 11वीं जीत है, जबकि पाकिस्तान की टीम अब तक एक भी मैच में भारत के खिलाफ जीत हासिल नहीं कर सकी है।

भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल के प्रारूप में जब भी भिड़ंत होती है तो एक अलग राइवलरी देखने को मिलती है, फिर चाहे वो पुरुष क्रिकेट हो या फिर महिला क्रिकेट, इन मैचों के दौरान दोनों देशों के फैन के बीच अक्सर कड़वाहट और गुस्से की तस्वीरें सामने आती रहती हैं, हालांकि खिलाड़ियों के लिये चीजें काफी अलग होती हैं।
और पढ़ें: BCCI ने किया TATA IPL 2022 के शेड्यूल का ऐलान, जानें कब और किससे खेले जायेंगे मैच

वायरल हो रही हैं भारतीय महिला टीम की दिल जीतने वाली तस्वीरें
मैदान पर भले ही दोनों टीमें एक दूसरे की प्रतिद्वंदी हों और जीत हासिल करने के लिये पूरा दम लगाती नजर आती हों, लेकिन मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों की प्यार भरी तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर फैन्स का दिल जीत लेती हैं। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप में जब भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था तो भले ही उस वक्त भारतीय टीम की आलोचना हो रही थी लेकिन मैच के बाद कोहली, रिजवान और बाबर आजम की जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई उसने सभी का दिल जीत लिया। अब भारतीय महिला टीम के जीत हासिल करने के बाद भी सोशल मीडिया पर ड्रेसिंग रूम से कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रही हैं, जिसने फैन्स का दिल जीत लिया है।

मारूफ की बेटी के साथ खेलते नजर आ रहे हैं खिलाड़ी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों में भारतीय टीम की कुछ महिला खिलाड़ी पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम में जाती हुई नजर आ रही हैं। इस वीडियो में वो पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ की 6 महीने की बेटी के साथ मिलती और खेलती हुई नजर आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि बिस्माह मारूफ विश्वकप में अपनी 6 महीने की बेटी फातिमा के साथ खेलने पहुंची हैं, जिनके सुबह मैदान पर बच्ची के साथ पहुंचने की तस्वीरें भी पहले सोशल मीडिया पर तारीफ बटोर चुकी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
भारतीय महिला टीम से स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, पूजा वस्त्राकर समेत कुछ खिलाड़ी पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम में बिस्माह मारूफ की 6 महीने की बेटी के साथ तस्वीरें खिंचाते हुए देखे जा सकते हैं। इस दौरान मारूफ ने अपनी बेटी को गोद में लिया हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन तस्वीरों को खेल भावना का असल प्रतीक माना जा रहा है। इससे पहले मारूफ के खेल के प्रति जुनून को लेकर भी काफी तारीफ की जा चुकी है, जहां पर वो देश के लिये विश्वकप खेलने के सपने को पूरा करने के लिये बच्ची के साथ हिस्सा लेने पहुंची हैं।

राणा-वस्त्राकर के दम पर जीता भारत
गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन 114 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट खोने के बाद वह मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थी। हालांकि स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकार ने यहां से पारी को संभालकर शतकीय साझेदारी की और टीम को निर्धारित 50 ओवर्स में 244 रन के स्कोर पर पहुंचा दिया। जहां पर राणा ने 48 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली तो वहीं पर वस्त्राकार ने 59 गेंदों में 67 रन बनाये। जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर्स में 137 रन ही बना सकी और 107 रनों से मैच हार गई। भारतीय टीम को विश्वकप का अपना दूसरा मैच हैमिल्टन के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 मार्च को खेलना है, जबकि पाकिस्तान की टीम 8 मार्च को बे ओवल के मैदान पर ही ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।












Click it and Unblock the Notifications