Women World Cup में मेग लैनिंग ने रचा इतिहास, सचिन, रोहित- कोहली की खास लिस्ट में हुए शामिल
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है और लगातार 6 मैचों में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के लिये अजेय जीत हासिल करने में सबसे बड़ा योगदान उसकी कप्तान मेग लैनिंग का है, जिन्होंने 6 मैचों में 71.60 की औसत से 358 रन बनाये हैं। मंगलवार को जब ऑस्ट्रेलिया की टीम का सामना साउथ अफ्रीका के साथ हुआ तो उनकी टीम मुश्किलों में थी लेकिन कप्तान मैग लैनिंग ने 130 गेंदों में नाबाद 135 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिलायी।

साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रनों का स्कोर खड़ा किया था जिसे मैग लेनिंग की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 5 ओवर पहले ही हासिल कर लिया। उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट से पहले मैग लैनिंग की उनकी खराब फॉर्म के लिये काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, हालांकि भारतीय टीम के खिलाफ उन्होंने 97 रन बनाकर अपनी फॉर्म की वापसी का ऐलान किया था।
और पढ़ें: 'लखनऊ की कप्तानी से नहीं मिलेगी भारतीय टीम की कमान', IPL 2022 से पहले गंभीर ने दी राहुल को चेतावनी
इसके बाद लैनिंग ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद शतकीय पारी खेली। उनके बल्ले से दोनों अहम पारियां रनों का पीछा करते हुए आयी हैं। इस मैच से पहले साउथ अफ्रीकी टीम ने भी अपने सभी मैचों में जीत हासिल की थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम ने उसे मात देकर जीत के रथ को रोक दिया।
लैनिंग की इस पारी ने वनडे क्रिकेट में उनके नाम एक खास उपलब्धि कर दी और महिला क्रिकेट में रनों का पीछा करते हुए वो सबसे ज्यादा शतकीया पारी खेलने वाली महिला बैटर बन गयी हैं। मैग लैनिंग ने वनडे क्रिकेट में 10वीं बार यह कारनामा किया है, वहीं पर न्यूजीलैंड की एमी सदरवेट (5 शतक) दूसरे पायदान पर पर काबिज हैं। इस दौरान सबसे खास बात यह रही है कि रनों का पीछा करते हुए लैनिंग के सभी शतक जीत में आये हैं।
और पढ़ें: IPL 2022: धोनी और ऋषभ पंत के बीच क्या है समानता, शेन वॉटसन ने गिनायी दोनों की खूबियां
इससे पहले यह कारनामा सिर्फ भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली (22), सचिन तेंदुलकर (14) और रोहित शर्मा (11) ही कर सके हैं और रनों का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर्स बने हैं। इतना ही नहीं मेग लैनिंग की यह नाबाद पारी महिला वनडे क्रिकेट में रनों का पीछा करते हुए दूसरे सबसे बड़ी नाबाद पारी है। गौरतलब है कि मेग लैनिंग के महिला वनडे क्रिकेट में टॉप 3 स्कोर रनों का पीछा करते हुए ही आये हैं।
आपको बता दें कि मेग लैनिंग ने 2017 विश्वकप में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाये थे तो वहीं 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 135 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications