U19 WC 2022: श्रीलंका को मात देकर सेमीफाइनल में पहुंचा अफगानिस्तान, रोमांचक मैच में 4 रन से हराया

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर 19 विश्वकप में सभी देशों की जूनियर टीमें यूथ वनडे के सबसे बड़े टूर्नामेंट का खिताब हासिल करने की कोशिशों में लगी हुई हैं। इसी खिताब की रेस में फिलहाल अंडर-19 विश्वकप के क्वार्टरफाइनल मैच खेले जा रहे हैं, जिसके पहले मैच में इंग्लैंड की अंडर 19 टीम ने साउथ अफ्रीका की अंडर 19 टीम को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने का काम किया था। वहीं इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच अफगानिस्तान और श्रीलंका की दो एशियाई टीमों के बीच खेला गया जिसमें अफगानिस्तान की युवा टीम ने सभी को हैरान करते हुए बेहद रोमांचक तरीके से मैच को जीत लिया और सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
अफगानिस्तान की टीम ने श्रीलंका को 4 रनों से हराने का कारनामा किया है और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ जगह बना ली है। दोनों के बीच यह मुकाबला एक फरवरी को खेला जायेगा। एंटिगुआ के मैदान पर खेला गया यह मैच काफी लो स्कोरिंग रहा, जिसमें गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला।
श्रीलंका की अंडर 19 टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपने बॉलर्स के दम पर अफगानिस्तान की टीम को 47.1 ओवर्स में महज 134 रन के स्कोर पर समेट दिया। अफगानिस्तान की ओर से अब्दुल हदी (37), नूर अहमद (30), अल्लाह नूर (25) और नागेलिया खरोटे (13) ही दहांई के आंकड़े को पार कर सके जबकि दो बल्लेबाज खाता खोल पाने में नाकाम रहे। श्रीलंका के लिये इस मैच में विनुजा रानपॉल ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया।
रानपॉल ने 9.1 ओवर्स में सिर्फ 10 रन दिये और 3 ओवर्स मेडेन गेंदबाजी की, वहीं श्रीलंकाई टीम के कप्तान दुनिथ वेलाल्गे ने भी 10 ओवर्स में 36 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये। इन दोनों के अलावा यसिरु रोड्रिगो और ट्रेविन मैथ्यू ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया। वहीं महज 135 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका की अंडर 19 टीम 46 ओवर्स में 130 रन ही बना सकी और गेंदबाजों के सामने घुटने टेकने की वजह से 4 रन से मैच हार गई।
और पढ़ें: ENG vs WI: इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, कप्तान इयोन मोर्गन चोटिल होकर सीरीज से हुए बाहर
श्रीलंका की अंडर 19 टीम की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर से विकेट खोना शुरू कर दिया और निरंतर अंतराल पर विकेट खोती चली गई। हाल ये रहा कि महज 43 रन के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम के 7 विकेट गिर गये थे। हालांकि यहां पर कप्तान दुनिथ वेलाल्गे (34) और राविन डि सिल्वा (21) ने पारी को संभालते हुए 72 रनों की साझेदारी कर डाली और अपनी टीम की वापसी करा दी। गौरलतब है कि 41वें ओवर में श्रीलंका की टीम के कप्तान वेलाल्गे आउट होकर वापस लौटे जिसके बाद रविन डि सिल्वा भी अगले ओवर में पवेलियन भेज दिये गये। यहां पर रानपॉल (11) और ट्रैविन मैथ्यू (4) किसी तरह से अपनी टीम को लक्ष्य के पार पहुंचाना चाह रहे थे लेकिन नावीद जादरान के थ्रो पर मैथ्यू के रन आउट होते ही श्रीलंका की उम्मीदें भी खत्म हो गई।












Click it and Unblock the Notifications