WTC फाइनल के बाद ICC Test Rankings पर ऑस्ट्रेलिया का कब्जा, पहले 3 नंबर पर स्टीव स्मिथ समेत इन दिग्गजों का नाम
ट्रैविस हेड ने नई रैंकिंग में तीन स्थान की लंबी छलांग लगा दी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी इस लिस्ट में एक से लेकर नंबर तीन तक लगातार विराजमान हैं। हालंकि, बड़ी बात ये है कि टॉप 10 की लिस्ट में ऋषभ पंत एकमात्र भारतीय हैं।
ICC Test Rankings: टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बढ़ता ही जा रहा है। पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइन में भारत को हराकर इतिहास रच दिया, और अब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने टेस्ट रैंकिंग में भी कब्जा जमा लिया है। लेटेस्ट टेस्ट रैंकिंग में पहले तीन पायदान पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के नाम हैं।
डब्ल्यूटीसी फाइनल में ट्रेविस हेड (Travis Head) के शानदार शतक ने बल्लेबाजों की नई आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में उन्हें नंबर तीन पर पहुंचा दिया है, जबकि इस लिस्ट में मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) पहला स्थान पर पहुंच गए हैं, और स्टीव स्मिथ (Steve Smith) वर्तमान में रैंकिंग में नंबर 2 पर विराजमान हैं।

ओवल में भारत के खिलाफ मैच के दौरान हेड ने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। उन्होंने भारत के खिलाफ पहली पारी में सिर्फ 174 गेंदों पर शानदार 163 रन बनाए थे। इस दौरान उन्हें स्मिथ का जमकर साथ मिला, जिन्होंने भारत के खिलाफ अपना नौवां शतक बनाया। दोनों बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में शतकीय पारी खेली।
स्मिथ ने 168 गेंदों में 121 रन बनाए, जिसके दम पर ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 469 रन का स्कोर किया। दूसरी पारी में हेड और स्मिथ कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर सके, लेकिन लाबुशेन ने महत्वपूर्ण 41 रन बनाए। इस पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कुल 444 रन बनाए।
हेड को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, और अब उन्हें नए अपडेट के बाद रैंकिंग में नंबर तीन पर जगह मिली है। लाबुशेन ने 903 रेटिंग अंकों के साथ रैंकिंग में शीर्ष पर अपना दबदबा कायम रखा। स्टीव स्मिथ भारत के खिलाफ अपने प्रदर्शन के बाद एक पायदान ऊपर चढ़े और अब उनके 885 अंक हैं। इसके अलावा हेड अब 884 रेटिंग अंक पर है।
ऋषभ पंत टॉप 10 रैंकिंग में एकमात्र भारतीय
ओवल में भारत के खिलाफ खराब प्रदर्शन करने वाले उस्मान ख्वाजा दो स्थान नीचे खिसक गए हैं और अब नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। ऋषभ पंत, जो वर्तमान में एक कार दुर्घटना में लगी चोटों से उबर रहे हैं, टॉप 10 रैंकिंग में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।












Click it and Unblock the Notifications