Asia Cup: 'आईसीसी बिना दांत वाला चीता है,' रिजर्व डे के लिए श्रीलंकाई खिलाड़ी ने कसा तंज़
Asia Cup 2023: एशिया कप के मैचों में बारिश के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच में रिजर्व डे रखा गया था। टूर्नामेंट के बीच में यह निर्णय लिया गया था। इसे लेकर श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर अर्जुन रणतुंगा ने सवाल खड़ा किया है। उन्होंने आईसीसी को कड़ी बातें कही है।
पीटीआई के अनुसार रणतुंगा ने आईसीसी को बिना दांत वाला चीता बताया है। उन्होंने बीसीसीआई को ताकतवर कहा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि आईसीसी प्रोफेशनल तरीके से काम नहीं करती। उनको क्रिकेट की सुरक्षा करनी चाहिए।

अर्जुन रणतुंगा ने कहा कि क्रिकेट पर नियंत्रण आईसीसी का ही होना चाहिए, किसी देश का नहीं। एशिया कप में नियम थे और एक गेम के लिए आपने उन नियमों को बदल दिया। आईसीसी कहां है? मैं इसे लेकर सहज नहीं हूं जब एक टीम के लिए आप टूर्नामेंट में नियम ही बदल देते हो।
श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर ने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के दौरान अगर नियम बदले जाते हैं, तो मुझे आश्चर्य नहीं होगा। भारत ताकतवर है लेकिन आईसीसी के अधिकारी भी कोट और टाई पहनकर मीटिंग में जाते हैं, वे भी काफी सहज हैं।
उल्लेखनीय है कि एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। इसके बाद सुपर 4 के मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा गया था। टीम इंडिया ने सुपर 4 के इस मुकाबले में पाकिस्तान को पराजित कर दिया था। भारत ने बड़े अंतर से मैच जीता था।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में रिजर्ड डे रखने की सहमति अन्य देशों की तरफ से दी गई थी। श्रीलंका और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस मैच में रिजर्व डे के लिए मंजूरी प्रदान की थी। भारतीय टीम अब टूर्नामेंट के फाइनल मैच में श्रीलंका के खिलाफ 17 सितम्बर को खेलेगी, मुकाबला कोलम्बो में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications