ICC ने जारी की महिला विश्वकप 2022 की प्लेइंग 11, किसी भारतीय प्लेयर को नहीं मिली जगह
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले गये आईसीसी महिला वनडे विश्वकप 2022 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर 7वीं बार खिताब अपने नाम किया है। वहीं पर 4 बार की विश्व विजेता इंग्लैंड अपना खिताब बचाने में नाकाम रही। वहीं विश्वकप फाइनल के एक दिन बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने टूर्नामेंट की प्लेइंग 11 की टीम जारी कर दी है। आईसीसी ने विश्वकप की टीम की कमान ऑस्ट्रेलिया कप्तान मेग लैनिंग को सौंपी है तो वहीं पर भारतीय महिला टीम के किसी भी प्लेयर को इस टीम में जगह नहीं मिल सकी है।

मेग लैनिंग ने महिला विश्वकप 2022 में न सिर्फ शानदार कप्तानी की बल्कि बल्ले से भी 394 रनों का योगदान देकर अपनी टीम को खिताब जिताने का कारनामा किया था। आईसीसी की ओर से जारी की गई इस टीम में 4 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को जगह दी गई है तो वहीं पर इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के 3-3 प्लेयर्स को जगह मिली है।
और पढ़ें: SRH vs LSG: राहुल-हुड्डा ने अर्धशतक ठोंक कराई लखनऊ की वापसी, हैदराबाद के पास जीत का मौका

ICC ने जारी की महिला विश्वकप की टीम
आईसीसी ने अपनी टीम में एक वेस्टइंडीज और एक बांग्लादेश के खिलाड़ी को भी मौका दिया है। आईसीसी की ओर से जारी की गई इस टीम में साउथ अफ्रीका की लॉरा वॉलवार्ट को एलिसा हीली के साथ पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी दी है तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और रॉचेल हेयन्स को टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी दी गई है। एलिसा हीली ने महिला विश्वकप में सबसे ज्यादा रन बनाये तो वहीं पर रॉचेल हेयन्स इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर रही।

इन खिलाड़ियों को भी मिली जगह
लॉरा वॉलवॉर्ट की बात करें तो उन्होंने साउथ अफ्रीका की टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया था तो वहीं पर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैग लैनिंग ने भी 394 रन बनाये थे। पांचवे नंबर पर इंग्लैंड की नैटली स्कीवर (493 रन) को मौका दिया गया है तो वहीं छठे नंबर के लिये बेथ मूनी (330 रन) को मौका दिया गया है।
वेस्टइंडीज के हेली मैथ्यूज (260 रन, 10 विकेट) को 7वें पायदान पर रखा गया है जबकि साउथ अफ्रीका की मैरीजेन कप्प (12 विकेट) को 8वें नंबर पर रखा गया है। गेंदबाजी में इंग्लैंड की सोफी एक्कलेस्टोन (21 विकेट), साउथ अफ्रीका की शबनम इस्मैल (14 विकेट) और बांग्लादेश की सलमा खातून (10 विकेट) को मौका दिया गया है। इंग्लैंड की चार्ली डीन को 12वें खिलाड़ी के रूप में जगह दी गई है।

जानें कैसी है प्लेइंग 11
ऐसी है महिला विश्वकप की प्लेइंग 11: लौरा वोल्वार्ड्ट (दक्षिण अफ्रीका), एलिसा हीली (wk) (ऑस्ट्रेलिया), मेग लैनिंग (कप्तान) (ऑस्ट्रेलिया), राचेल हेन्स (ऑस्ट्रेलिया), नेट साइवर (इंग्लैंड), बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया), हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज), मारिजैन कप (दक्षिण अफ्रीका), सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड), शबनीम इस्माइल (दक्षिण अफ्रीका), सलमा खातून (बांग्लादेश)। 12वां खिलाड़ी: चार्ली डीन (इंग्लैंड)












Click it and Unblock the Notifications