'लगातार 8 हार से रोहित टूट चुका है', मुंबई की शर्मनाक स्ट्रीक पर इयान बिशप का बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 43 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें भाग ले रही 10 टीमों के चलते रोमांच का फीवर दोगुना हो चुका है। जहां पहली बार आईपीएल में भाग ले रही दो नई टीमों लखनऊ और गुजरात ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया है तो वहीं पर सबसे ज्यादा बार खिताब जीत चुकी मुंबई और चेन्नई की टीमों के लिये यह टूर्नामेंट किसी बुरे सपने की तरह चल रहा है। जहां 4 बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिये कप्तान बदलने का दांव सही नहीं बैठा है और उसे 8 में से सिर्फ 2 मैचों में जीत के बाद दोबारा धोनी को कमान सौंपनी पड़ी है तो वहीं पर मुंबई इंडियंस की टीम को पहली बार आईपीएल में लगातार 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

इसके चलते मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है तो वहीं पर उसके फैन्स का दिल भी टूट गया है। उल्लेखनीय है कि सीएसके ने सीजन के आगाज से पहले रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपी थी लेकिन 8 में से 6 मैचों में हार का सामना करने के बाद उन्होंने धोनी से एक बार फिर से टीम की कमान संभालने की मांग की और उन्होंने बचे हुए मैचों के लिये यह जिम्मेदारी ले ली है। ऐसे में जहां सीएसके अपने बचे हुए मैचों में वापसी करने की ओर देख रही है तो वहीं पर मुंबई को राजस्थान के खिलाफ अपने 9वें मैच में पहली जीत की उम्मीद होगी।

इयान बिशप ने गिनाई मुंबई की कमजोरी
इस बीच वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर इयान बिशप ने खुलासा करते हुए बताया है कि आखिरी मैच में जब मुंबई इंडियंस की टीम को हार का सामना करना पड़ा तो उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा का क्या हाल था। इयान बिशप ने आगे बात करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम के खराब फॉर्म के पीछे का कारण बताते हुए टिम डेविड को दोबारा मौका देने की सलाह भी दी है। उल्लेखनीय है कि आईपीएल के 15वें सीजन में मुंबई इंडियंस की खराब फॉर्म के पीछे उसकी गेंदबाजी सबसे बड़ा कारण रही है, जहां पर उसके गेंदबाजों ने ज्यादा साथ नहीं दिया है तो वहीं पर बल्लेबाजी में भी निरंतरता की कमी नजर आई है।

मुंबई को टिम डेविड की जरूरत
स्टार स्पोर्टस के प्री मैच शो में बात करते हुए इयान बिशप ने कहा,'जब मैंने आखिरी मैच के बाद रोहित के साथ बात की तो ऐसा महसूस हुआ कि जैसे वो टूट चुका है। उनकी हालत को समझना मुश्किल नहीं है क्योंकि वो एक ऐसी फ्रैंचाइजी का हिस्सा हैं जिसका बड़ा नाम है। मुझे लगता है रोहित खुद में भी कुछ बदलाव करने की ओर देख रहे होंगे। मेरी निजी राय है कि मुंबई इंडियंस को टिम डेविड की जरूरत है, मुझे नहीं पता कि वो उन्हें ज्यादा मौका क्यों नहीं दे रहे हैं। उन्हें बल्लेबाजी लाइन अप में किसी ऐसे बल्लेबाज की दरकार है जो पारी को पकड़ कर रख सके और जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बना सके। सूर्यकुमार अच्छा खेल रहे हैं पर उन्हें भी साथ देने के लिये कोई चाहिये।'

भविष्य बनाने की ओर देखेगी मुंबई इंडियंस
बिशप ने आगे बात करते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि मुंबई इंडियंस की टीम भविष्य के बेहतर खिलाड़ियों को तराशने का काम जारी रखेगी और भले ही उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई है लेकिन वो अपनी खोई हुई लय को हासिल कर उसे बरकरार रखने की ओर देख रही होगी।
उन्होंने कहा,'मुश्किल समय में मुंबई इंडियंस की टीम की गेंदबाजी इस समय सबसे ज्यादा निराशाजनक रही है और उन्होंने खूब सारे रन लुटाने का काम किया है। हालांकि वो अभी भी इस ओर देख रहे हैं कि कैसे इस परिस्थिति से बाहर निकल सकते हैं। मुंबई को आगे बढ़ते हुए एक बार फिर से ऐसे खिलाड़ियों को बनाने की ओर देखना होगा जो भविष्य में टीम को संभाल सकें।'












Click it and Unblock the Notifications