मोईन अली ने बताया, रोहित शर्मा की जगह किसे करनी चाहिए 5वें टेस्ट में भारत की कप्तानी
भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर अब इंग्लिश ऑलराउंडर मोईन अली (Moeen Ali) का बड़ा बयान सामने आया है।
नई दिल्ली: 1 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में पांचवां टेस्ट खेला जाना है, लेकिन इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को कोविड होने की वजह से टीम के सामने कई मुश्किलें खड़ी हो गई। सबसे बड़ा सवाल तो ये है कि अगर रोहित मैच फिट ना हो सके, तो टीम की कप्तानी कौन करेगा। कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स यह बात कह चुके हैं कि रिशेड्यूल टेस्ट मैच के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को टीम का कमान सौंपनी चाहिए, क्योंकि इस सीरीज में पिछले साल वही कप्तान थे। भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर अब इंग्लिश ऑलराउंडर मोईन अली (Moeen Ali) का बड़ा बयान सामने आया है।

मोईन अली ने रखी अपनी राय
स्पोर्ट्स टुडे को दिए अपने बयान में मोईन अली ने कहा, ''यह कह पाना मुश्किल है। मैं इस बारे में पिछली रात सोच रहा था। क्योंकि पिछली बार इस सीरीज के समय विराट कप्तान थे, तो ऐसे में मैं अगर होता तो मैं उनको ही कप्तानी सौंपता, लेकिन यह पूरी तरह से उनका कॉल होगा।''
मोईन ने आगे कहा, ''मुझे नहीं लगता कि कोहली कप्तानी के लिए तैयार होंगे। मौजूदा समय में वह खुश हैं और पूरी तरह से रिलैक्स्ड हैं और उनका दिमाग शायद उनसे कह रहा है कि अब मैं टेस्ट क्रिकेट में कभी कप्तानी नहीं करने जा रहा। तो, हां उनका कप्तानी करना मुश्किल होगा, लेकिन यह अच्छा हो सकता है कि क्योंकि वह अनुभवी हैं और टीम इंडिया के लिए यह अहम मुकाबला है।''

कोहली की कप्तानी में भारत 2-1 से आगे
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2021 में शुरू हुई थी और उस समय विराट कोहली टीम इंडिया के कप्तान थे। कोरोना के चलते आखिरी मैच को स्थगित करना पड़ा था। तब पांचवां टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जाना था, अब वह मुकाबला 1 जुलाई से एजबेस्टन में खेला जाएगा। सीरीज में फिलहाल भारत 2-1 से आगे हैं। उस समय कोहली की लीडरशिप में भारत ने इंग्लैंड को वाकई में कड़ी चुनौती दी थी। यही कारण है कि फैंस और क्रिकेट के कई जानकार विराट को ही एजबेस्टन में कप्तानी करते देखना चाहते हैं।
वैसे टेस्ट टीम के उपकप्तान जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) हैं, जिनके कप्तानी करने के आसार सबसे ज्यादा नजर आ रहे हैं। वहीं, विकेटकीपर ऋषभ पंत का नाम भी कप्तानी की रेस में जोड़ा जा रहा है। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में पंत ही भारत के कप्तान थे।

रोहित के खेलने पर सस्पेंस बरकरार
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट खेलेंगे या नहीं इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि, बीसीसीआई ने उनके कवर के तौर पर मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को टीम के साथ जोड़ा है। रोहित अगर ये अहम मुकाबला नहीं खेल पाए, तो शुभमन गिल के साथ मयंक को पारी का आगाज करते देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications