'मैंने पूरी टीम के सामने मांगी मैकलम से माफ़ी,' जानिए गौतम गंभीर से क्या गलती हुई जिसका अब किया खुलासा
Gautam Gambhir: पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर क्रिकेट को लेकर अपनी बात बेबाकी से रखते हैं और हिचकिचाहट उनकी डिक्शनरी में नहीं है। ऐसा ही कुछ उन्होंने इस बार किया है। गंभीर ने केकेआर के समय की एक बात को याद करते हुए बताया है कि उन्होंने ब्रेंडन मैकलम से पूरी टीम के सामने माफ़ी मांगी थी।
बात उस समय की है जब केकेआर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ साल 2012 आईपीएल के फाइनल में खेलना था। मुकाबला चेन्नई में था। लक्ष्मीपति बालाजी चोटिल हो गए थे, इस वजह से गंभीर को टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव करना पड़ा था।

बालाजी की जगह ब्रेट ली को लाया गया और यह भी ध्यान रखना था कि 4 ओवरसीज खिलाड़ियों को ही इस्तेमाल करना है। ऐसे में ब्रेंडन मैकलम की जगह इस टीम में नहीं बन रही थी। मैच के लिए मैदान पर जाने से पहले गौतम गंभीर ने ब्रेंडन मैकलम से माफ़ी मांगी।
इन्स्टाग्राम पर पोस्ट एक वीडियो में गंभीर ने बताया कि चेपॉक में उस फाइनल में जाने से पहले वास्तव में मैंने पूरी टीम के सामने ब्रेंडन मैकलम को सॉरी कहा। मैंने कहा कि मुझे आपको ड्रॉप करना पड़ रहा है, इसके लिए वास्तव में मेरी तरफ से सॉरी। इसका कारण आपका प्रदर्शन नहीं बल्कि टीम कॉम्बिनेशन है।
गंभीर ने कहा कि कोई ऐसा नहीं करता, लेकिन मुझमें पूरी टीम के सामने माफ़ी मांगने की हिम्मत थी। माफ़ी मांगे में कुछ भी गलत नहीं है। गौरतलब है कि मनविंदर बिसला ने इस मुकाबले में गंभीर के साथ ओपन किया था। मैकलम की जगह वह खेल रहे थे और 89 रन बनाए। केकेआर ने 191 का टारगेट 2 गेंद शेष रहते हासिल कर इतिहास रच दिया था। यह केकेआर की पहली खिताबी जीत थी।
गंभीर ने कहा कि अगर टीम के सामने मैं माफ़ी नहीं मांगता तो दिल में कहीं न कहीं मुझे लगता कि मैंने ठीक से बात नहीं की। नेतृत्व का मतलब खुद की सराहना या क्रेडिट लेने तक नहीं होता है। कभी-कभी आपको इस तरह की चीजें भी करनी होती है, इससे आप एक लीडर के रूप में विकसित होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications