'दिल्ली का हूं और खून गर्म है,' दिग्वेश से लड़ाई पर बोले नितीश राणा, बताया कैसे शुरू हुआ मैदान पर झगड़ा
नितीश राणा और दिग्वेश राठी आईपीएल में क्रिकेट प्रेमियों के बीच मशहूर हो चुके हैं, हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग के एक मुकाबले में दोनों तीखी बहस में उलझ गए। मैच के दौरान राणा ने जबरदस्त पारी खेलते हुए सिर्फ 55 गेंदों में 134 रन बनाए, लेकिन यह शानदार प्रदर्शन भी उस समय की गर्मागर्मी से दब गया।
कहा जा रहा है कि राठी ने राणा को कुछ कहा, जिसके जवाब में राणा गुस्से में भड़क उठे और दोनों के बीच तीखा वाद-विवाद हो गया। आईपीएल में पहले ही एक मैच का बैन झेल चुके दिग्वेश को इस घटना के बाद राणा ने सार्वजनिक रूप से उकसाने का दोषी ठहराया और कड़ी प्रतिक्रिया दी।

इंडिया टुडे के अनुसार राणा ने कहा कि बात सही और गलत की नहीं है। हम दोनों अपनी-अपनी टीमों के लिए मैच जीतने आए हैं। गेम का सम्मान करना मेरा और उसकी दोनों की जिम्मेदारी है। यह (झगड़ा) उसी ने शुरू किया था। अगर कोई मुझे छेड़ता है या मेरे मुंह पर आकर कुछ कहता है, तो मैं चुप बैठने वालों में से नहीं हूं। मैंने हमेशा ऐसा ही क्रिकेट खेला है। अगर कोई मुझे उकसाकर ये सोचता है कि वो मुझे आउट करवा देगा, तो मैं छक्के मारकर जवाब भी दे सकता हूं। जो हुआ, वो उसकी एक मिसाल है।
नितीश ने कहा कि मैं दिल्ली का हूँ और मेरा खून गर्म है। मेरे पैरेंट्स ने भी यही सिखाया है कि अगर कहीं आप गलत नहीं हो तो, पीछे मत हटो और उसी तरह जवाब दो। मैंने वही किया था।
इस झगड़े के दौरान ही नितीश राणा ने दिग्वेश राठी को छक्का जमाया था और उनके सिग्नेचर सेलिब्रेशन वाला एक्शन किया था। झगड़े के दौरान अंपायरों ने आकर बीच-बचाव किया था। मुकाबले के बाद दोनों प्लेयर्स के ऊपर जुर्माना लगाया गया था। राणा ने इस मैच में अपने शतक के दौरान 15 छक्के जड़े।












Click it and Unblock the Notifications