टेस्ट में शानदार आगाज के तुरंत बाद कैसे ODI वर्ल्ड कप की रेस में चूक गए यशस्वी जायसवाल
IND vs WI, Yashasvi Jaiswal: भारत के युवा खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का जैसा आगाज किया है वह काबिले तारीफ है। इस खिलाड़ी के अंदर जबरदस्त प्रतिभा है और इसकी बानगी उन्होंने डोमिनिक के विंडसर पार्क में हुए टेस्ट मैच के दौरान दिखाई।
यशस्वी ने 171 रनों की पारी खेली और यह उनकी पहली ही टेस्ट पारी थी। यशस्वी सिर्फ एक टेस्ट बल्लेबाज नहीं है वह आईपीएल 2023 में जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ बैटिंग करते हुए सनसनी मचा चुके हैं।

यशस्वी बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज हैं जिनको सफेद गेंद क्रिकेट में भी उतना ही बड़ा दावेदार और चमकदार खिलाड़ी माना जा रहा है। यशस्वी जयसवाल एक स्ट्राइकर हैं लेकिन उन्हें अभी वनडे फॉर्मेट के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
इस खिलाड़ी ने भारतीय टीम के लिए कोई T20 और वनडे मुकाबला अभी तक नहीं खेला है, लेकिन वह आईपीएल के 37 मैच खेल चुके हैं। यशस्वी के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उम्मीद थी कि वे इस साल के अंत में भारत में होने जा रहे वनडे वर्ल्ड कप 2023 के भी बड़े दावेदार होने चाहिए, लेकिन ऐसा लगता है इस रेस से बाहर हो चुके हैं।
असल में बीसीसीआई ने एशियन गेम्स (19th Asian Games) के लिए जाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान 14 जुलाई की रात को कर दिया। इस टीम में यशस्वी जायसवाल को भी लिया गया है। किसी भी खिलाड़ी को बड़े टूर्नामेंट में जगह मिलना तो अच्छी बात ही है, लेकिन यहां वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स की टाइमिंग को लेकर पेंच फस रहा है।
एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 28 सितंबर से शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलने जा रही है और वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है जिसमें 8 अक्टूबर को भारतीय टीम को अपना पहला मुकाबला खेलना है। इसका मतलब साफ है कि एशियन गेम्स के लिए गई टीम इंडिया के खिलाड़ी विश्व कप 2023 में जगह बनाने से चूक रहे हैं।
ये भी पढ़ें- भारत ने वेस्टइंडीज को 23वीं बार टेस्ट क्रिकेट में दी मात, किन टीमों को टीम इंडिया ने हराया है सबसे ज्यादा बार
ऐसे में बीसीसीआई ने अघोषित तौर पर यशस्वी जायसवाल को वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वेस्टइंडीज दौरे पर वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय क्रिकेट टीम में यशस्वी की कोई जगह नहीं है। ऐसा लगता है कि भारत अभी इस खिलाड़ी को वनडे के लिए धीरे-धीरे ग्रूम करना चाहता है।
फिलहाल यशस्वी जायसवाल को टेस्ट के साथ T20 क्रिकेट में तराशा जा रहा है। इसलिए वे वेस्टइंडीज दौरे पर मौजूद T20 सीरीज का हिस्सा हैं। एशियन गेम्स भी T20 फॉर्मेट में खेला जाएंगे। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में इस बल्लेबाज के टेंपरामेंट को देखने के बाद ऐसा कोई कारण नजर नहीं आता कि वे वनडे क्रिकेट नहीं खेल पाए।
एशियन गेम्स के लिए टीम- रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, राहुल त्रिपाठी, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम मावी, शिवम दुबे, प्रभसिमरन सिंह (सप्ताह)
खिलाड़ियों की स्टैंडबाय लिस्ट: यश ठाकुर, साई किशोर, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुडा, साई सुदर्शन
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications