बांग्लादेश को मिली ऐतिहासिक जीत, पहली बार दक्षिण अफ्रीका को उसकी धरती पर ODI में हराया
नई दिल्ली, 19 मार्च: बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास में पहला मौका है जब उसने दक्षिण अफ्रीका को उसी की धरती पर किसी वन डे इंटरनेशनल मुकाबले में हराया है। बांग्लादेश की टीम इस समय दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर मौजूद है जहां पर उसको दो टेस्ट मैच और तीन वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेलने हैं। शुरुआत में वनडे सीरीज हो रही है जिसका पहला मुकाबला बांग्लादेशी टीम 38 रनों से जीतने में कामयाब रही। यह मैच सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया जहां पर शाकिब अल हसन जीत के हीरो बनकर उभरे।

शाकिब अल हसन और यासिर अली की तेज साझेदारी-
इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान तमीम इकबाल और लिटन दास के बीच अच्छी साझेदारी देखी जिसके बदौलत टाइगर ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़ लिए। तमीम इकबाल फेलुकवायो की गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लिटन दास भी अपना अर्धशतक बनाकर आउट हो गए। बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर मुश्फिकर रहीम 9 ही रन बना पाए लेकिन शाकिब अल हसन और यासिर अली ने शतकीय साझेदारी करते हुए बांग्लादेश का स्कोर आगे बढ़ा दिया। इन दोनों की साझेदारी की खास बात इनका स्ट्राइक रेट रहा। दोनों ने काफी तेज बल्लेबाजी प्रदर्शन किया।

शाकिब अल हसन ने 64 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली-
शाकिब अल हसन जब आउट हुए तो उन्होंने केवल 64 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली थी जिसमें 7 चौके व तीन छक्के लगाए जा चुके थे। जबकि यासिर अली 44 गेंदों पर चार चौके व दो छक्के लगाकर 50 रन बनाकर आउट हुए और उनको रबाडा ने आउट किया। निचले क्रम पर अनुभवी महमदुल्लाह ने एक बार फिर से तेज पारी खेली और उन्होंने 17 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया तो दूसरी ओर अन्य निचले क्रम के बल्लेबाजों अफीफ हुसैन और मेहंदी हसन ने भी अच्छा कर्मियों।

वन डर दुस्सें और डेविड मिलर की पारी बेकार-
दक्षिण अफ्रीका की ओर से लूंगी नगीदी की सबसे ज्यादा पिटाई हुई जिन्होंने 10 ओवर में 75 रन देकर एक विकेट लिया। बांग्लादेश ने कुल मिलाकर 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 314 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीकी पारी केवल 276 रन बनाकर ढेर हो गई।
दक्षिण अफ्रीका की इस पारी में रस्सी वन डर दुस्सें और डेविड मिलर ने जबरदस्त अर्धशतक लगाए लेकिन वे अन्य बल्लेबाजों के योगदान ना आने की वजह से नाकाफी साबित हुए।

तस्कीन अहमद ने काफी प्रभावित किया
रस्सी वन डर दुस्सें 98 गेंदों पर 86 रन बनाकर आउट हुए तो वही डेविड मिलर बेहद ही आक्रामक थे जिन्होंने 57 गेंदों पर 79 रनों की पारी खेली 8 चौके व तीन छक्के लगाए गए। बांग्लादेश की और से तस्कीन अहमद ने काफी प्रभावित किया जिन्होंने 10 ओवर में केवल 36 रन देकर तीन विकेट लिए तो वही मेहंदी हसन 9 ओवर में 61 रन देकर चार विकेट लेने में कामयाब रहे। शाकिब अल हसन अपने कोटे के पूरे ओवर फेंकने में कामयाब रहे और उन्होंने 54 रन दिए हालांकि विकेट कोई नहीं मिल सका।












Click it and Unblock the Notifications