'पचा पाना मुश्किल है...,' वर्ल्ड कप 2023 से बाहर होने पर भावुक हुए हार्दिक पांड्या, कही दिल छू जाने वाली बात
Hardik Pandya Ruled Out Of World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए हरफनमौला हार्दिक पांड्या की क्या अहमियत है इस बात को हर कोई जानता है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान लगी चोट के बाद से उम्मीद लगाई जा रही थी कि सेमीफाइनल में उनकी वापसी हो सकती है, लेकिन इस बीच उनके वर्ल्ड कप से बाहर होने की खबर ने फैंस को हिलाकर रख दिया है। इस संबंध में अब पांड्या का पहला रिएक्शन सामने आया है।
हार्दिक पांड्या ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर टूर्नामेंट से बाहर होने पर लिखा कि, 'इस फैक्ट को पचाना मुश्किल है कि मैं वर्ल्ड कप के बाकी मैच नहीं खेल पाऊंगा। मैं पूरी भावना के साथ टीम के साथ रहूंगा और हर मैच की हर गेंद पर उनको उत्साहवर्धन करूंगा। सभी की शुभकामनाओं, प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद, यह अविश्वसनीय है। यह टीम विशेष है और मुझे यकीन है कि हम सभी को गौरवान्वित करेंगे।'

दरअसल, टखने की चोट से समय पर उबरने में विफल रहने के बाद हार्दिक पंड्या को मौजूदा आईसीसी विश्व कप 2023 से बाहर होना पड़ा। पांड्या की जगह 17 वनडे मैच खेलने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में लाया गया है। आईसीसी ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, भारतीय टीम में 19 अक्टूबर को पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में अपनी ही गेंदबाजी के दौरान फील्डिंग करते समय पंड्या के बाएं टखने में चोट लग गई थी।
टीम इंडिया इस समय वर्ल्ड कप में अजेय है और लगातार 7 मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। मेन इन ब्लू के लीग में केवल दो मैच बचे हैं। रविवार को उनका सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा और उसके बाद अगले सप्ताह 12 नवंबर को नीदरलैंड से मुकाबला होगा।
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 के लिए भारत की अपडेट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव।












Click it and Unblock the Notifications