Sanjay Manjrekar Birthday: जबरदस्त फॉर्म में होने के बावजूद ले लिया था संन्यास, फैंस करते थे गावस्कर से तुलना
Happy Birthday Sanjay Manjrekar: अपनी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीतने वाले संजय मांजरेकर लंबे समय तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। मांजेरकर की बल्लेबाजी को देख उन्हें अगले सुनील गावस्कर के रूप में देखा जाता था। मौजूदा समय में एक कमेंटेटर के रूप में संजय मांजरेकर ने अपनी एक अलग पहचान बना रखी है।
पिता भी थे क्रिकेटर: संजय मांजरेकर का जन्म 12 जुलाई 1965 को मंगलुरु में हुआ था। उनके पिता विजय मांजरेकर भी मशहूर क्रिकेटर थे। उन्होंने भारत के लिए 55 टेस्ट मैच खेले थे। अपने पिता की तरह संजय मांजरेकर को भी बचपन से ही क्रिकेट का शौक रहा। उन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई और कई यागदार पारियां खेली।

सुनील गावस्कर से होती थी तुलना: संजय मांजरेकर की तुलना महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर से की जाती थी। संजय मांजरेकर ने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच में 1987 में डेब्यू कर शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं वनडे फॉर्मेट में उन्होंने 1988 में डेब्यू किया था। उन्होंने 111 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले और 4037 रन बनाए जिसमें 24 अर्धशतक, पांच शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। इस दौरान उन्होंने कई मैच विनिंग पारियां भी खेली।
सचिन-गांगुली से तकरार: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर के साथ संजय मांजरेकर के तकरार की खबरें भी सामने आई थी। गांगुली ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में भी मांजेरकर को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया था। गांगुली ने बताया कि पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद मांजरेकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रन नहीं बना सके और उन्होंने अपना पूरा गुस्सा गांगुली पर निकाल दिया था।
फॉर्म में होने के बावजूद लिया था संन्यास: सिर्फ 32 साल की उम्र में संजय मांजरेकर ने क्रिकेट से संनयास ले लिया था। ऐसा करने के पीछे उन्होंने कहा कि वह समझ गए थे कि अब टीम में उनकी जरूरत नहीं पड़ने वाली है। राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ियों के टीम में आने के बाद मांजरेकर ने क्रिकेट से दूरी बना ली। संजय मांजरेकर ने बताया था कि उन्होंने सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ की वजह से संन्यास लिया था। मांजरेकर ने अपनी किताब में कहा था कि संन्यास के समय वह एक इनफॉर्म बल्लेबाज थे। मांजरेकर ने अपना आखिरी मैच 1996 में द. अफ्रीका का खिलाफ खेला था।












Click it and Unblock the Notifications