Sachin Tendulkar Birthday: 'जहां सचिन रहता है... मैं उस देश का वासी', जानिए शतक सम्राट के लिए किसने बोला ये?
Happy Birthday Sachin Tendulkar: भारतरत्न पाने के बाद सचिन ने कहा था कि 'मैं भाग्यशाली हूं कि मैं भारत में पैदा हुआ,आभारी हूं उन लोगों का, जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया।'

Sachin Tendulkar's 50th birthday: 'गॉड ऑफ इंडियन क्रिकेट' के नाम से संबोधित किए जाने वाले सचिन तेंदुलकर आज 50 बरस के हो गए हैं। पूरी दुनिया आज उन्हें जन्मदिन विश कर रही है। अपने नायाब खेल से हर भारतवासी को विश्व पटल पर इतराने का मौका देने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपने 22 साल के क्रिकेट करियर में बेदाग क्रिकेट खेली है। वक्त के साथ क्रिकेट बदला, क्रिकेट के प्रारूप बदले लेकिन सचिन ने हर रूप-रंग को बखूबी स्वीकार किया और अपने खेल को निखारा और शायद इसी वजह से भारत रत्न सचिन तेंदुलकर जैसा ना कोई था, ना है और ना ही कभी कोई दूसरा बन पाएगा।
बहुत लोगों ने क्रिकेट देखना ही छोड़ दिया
क्रिकेट की दुनिया का ऐसा कोई शॉट नहीं जो सचिन की किताब ना हो और क्रिकेट खेलनी वाली कोई ऐसी टीम नहीं जिसको सचिन ने अपने बल्ले से पिटा ना हो। लोगों को आज भी यकीन नहीं होता कि अब क्रिकेट के मैदान पर दस नंबर की जर्सी पहने तेंदुलकर नजर नहीं आते, बहुत सारे लोगों ने तो सचिन के संन्यास लेने के बाद क्रिकेट देखना ही छोड़ दिया। उनके प्रति दीवानगी का आलम ये है कि आज भी अगर वो क्रिकेट के मैदान पर अगर किसी कोने में बैठे दिखाई दे जाते हैं तो पब्लिक 'सचिन-सचिन' कहकर चिल्लाने लगती है।
धैर्य और सौम्यता का प्रतीक सचिन
सचिन अद्भुत हैं, अलौकिक हैं और उनकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि दौलत-शौहरत की बुलंदी पर बैठे इस इंसान में धरती की तरह धैर्य और सौम्यता दिखती है। क्रिकेट के मैदान पर भले ही तेंदुलकर ने तीव्र तेवर दिखाए हैं लेकिन मैदान के बाहर वो हमेशा शांत और धैर्यशाली ही नजर आए, जो कि उन्हें महान बनाता है। साल 2014 के मुंबई के लोकप्रिय उमंग कार्यक्रम में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने सचिन को सम्मानित किया था तो सचिन ने उनके पांव छूए थे।
'मैं उस देश का वासी हूं जहां सचिन तेंदुलकर रहता है'
दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थीं। उस वक्त तो अमिताभ ने स्टेज पर सचिन को गले लगा लिया था लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी भावनाएं ट्विटर पर व्यक्त करते सबको आत्मविभोर कर दिया था। उन्होंने लिखा था कि 'मैं उस देश का वासी हूं जहां सचिन तेंदुलकर रहता है'।

भारत की आन-बान और शान
बिग बी की लिखी ये बातें हर भारतीय के भावों को व्यक्त करती है। सचिन तेंदुलकर केवल एक खिलाड़ी का नाम नहीं है बल्कि वो भारत की आन-बान और शान हैं। उनके पहले भी बहुत सारे क्रिकेटर्स ने भारत का नाम रौशन किया है और उनके बाद भी बहुत सारे खिलाड़ियों ने अपने करिश्माई अंदाज से लोगों का दिल जीता है और अपनी अलग पहचान बनाई है।
विरोधी टीम भी करती है सचिन को सलाम
लेकिन सचिन अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी तुलना डॉन ब्रैडमैन ने खुद से की थी। मात्र 16 साल की उम्र से भारत के लिए क्रिकेट खेलने वाले सचिन तेंदुलकर के खेल का लोहा दुनिया का हर खिलाड़ी मानता है। खेल के मैदान पर भले ही दो खिलाड़ियों में टशन नजर आए लेकिन मैदान के बाहर उनसे प्रतिस्पर्धा रखने वाले खिलाड़ी वाले भी उन्हें सलाम ही करते हैं।
हर भारतीय के दिल में धड़कते हैं सचिन
सचिन के घर में ना तो पुरस्कारों की कमी है और ना ही दौलत की लेकिन सचिन की असली कमाई तो उन करोड़ों भारतीयों का प्रेम है जो उन्होंने अपनी ईमानदारी भरे खेल से कमाई है। सचिन रमेश तेंदुलकर को उनके जन्मदिन पर वनइंडिया परिवार भी बहुत सारी शुभकामनाएं देता है।
Happy Birthday Sachin Tendulkar...












Click it and Unblock the Notifications