GT vs SRH: फॉर्म में लौटे हार्दिक पांड्या ने दो साल बाद लगाई फिफ्टी, फिर भी नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 21वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर अजेय गुजरात टाइटंस और जीत की राह पर लौटी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के बीच खेला जा रहा है। जहां पर गुजरात टाइटंस की टीम ने अपने पिछले मैच में वहां से मैच जीता जहां से जीत हासिल करना सिर्फ आंकड़ों में ही संभव नजर आता है, तो वहीं पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने लगातार दो मैचों में हार का सामना करने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत की लय हासिल कर ली। सनराइजर्स हैदराबाद के लिये आईपीएल में 10 मैचों के बाद मिली यह पहली जीत है।

दोनों टीमों के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और गुजरात टाइटंस को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया, जिसका सामना करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 162 रनों का स्कोर खड़ा किया।
और पढ़ें: 'मुझे पता था सिर्फ मैंं ही यह कर सकता हूं', कोलकाता को ढेर करने के बाद बोले कुलदीप यादव

हैदराबाद ने पावरप्ले में झटके 2 विकेट
गुजरात टाइटंस की टीम के लिये मैथ्यू वेड (19) और शुबमन गिल (7) ने पारी का आगाज करते हुए पहले ही ओवर में 17 रन बटोरे और इस सीजन पावरप्ले के दौरान ओपनिंग ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस सीजन सीएसके की टीम ने गुजरात से पहले ओपनिंग ओवर में 14 रन बनाने का कारनामा किया था, तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई के खिलाफ 12 रन बनाये थे। भुवनेश्वर कुमार के लिये पहला ओवर भले ही अच्छा नहीं रहा था लेकिन दूसरे ओवर में उन्होंने वापसी करते हुए शुबमन गिल को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। इसके बाद टी नटराजन ने साई सुदर्शन का विकेट लेकर गुजरात को दूसरा झटका दिया और गुजरात टाइटंस की टीम पावरप्ले में 2 विकेट खोकर सिर्फ 51 रन ही बना सकी।

हार्दिक-मनोहर ने कराई टीम की वापसी
बीच के ओवर्स में कप्तान हार्दिक पांड्या (50) और अभिनव मनोहर (35) ने बीच के ओवर्स में पारी को संभाला और स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। हार्दिक पांड्या ने इस दौरान 42 गेंदों का सामना कर नाबाद 50 रनों की पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और एक छक्का लगाया जिसके दम पर उन्होंने आईपीएल में अपने छक्कों का शतक भी पूरा कर लिया। वहीं अभिनव मनोहर ने 21 गेंदों का सामना कर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रनों की पारी खेली। हालांकि अभिनव मनोहर इस दौरान काफी किस्मतवाले साबित हुए क्योंकि उनकी पारी के दौरान उन्हें 3 बार जीवनदान मिला। हैदराबाद के फील्डर्स ने 3 बार उनका कैच छोड़ा हालांकि चौथी बार वो उन्हें पकड़ कर वापस पवेलियन भेजने में कामयाब रहे।

आखिरी 5 ओवर में हार्दिक को नहीं मिली बल्लेबाजी
गौरतलब है कि हार्दकि पांड्या ने बीच के ओवर्स में तेजी से बल्लेबाजी जरूर की लेकिन आखिरी के 5 ओवर्स में गुजरात टाइटंस की टीम ज्यादा रन नहीं बना सकी और सिर्फ 44 रन ही जोड़े। इस दौरान सबसे मुश्किल हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी रही जिन्होंने 11 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 11 रन ही बना सके, इसकी वजह से गुजरात की टीम प्रोजेक्टेड स्कोर से कम से कम 20 रन पीछे रह गई।

हार्दिक पांड्या के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या ने साल 2020 में अपना आखिरी अर्धशतक लगाया था जिसके बाद पहली बार इस मैच में उनका अर्धशतक आया है। हार्दिक पांड्या के लिये यह उनके आईपीएल करियर का महज 5वां ही अर्धशतक है लेकिन अपनी इस पारी के साथ उन्होंने आईपीएल करियर का सबसे धीमा अर्धशतक बनाया है। हार्दिक पांड्या ने इससे पहले आरसीबी के खिलाफ साल 2018 में 41 गेंदों में अपना अर्धशतक लगाया था, जबकि केकेआर के खिलाफ 2015 में आया 25 गेंदों का अर्धशतक तीसरा सबसे धीमा अर्धशतक है। हार्दिक पांड्या ने साल 2020 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया था जबकि केकेआर के खिलाफ 2019 में 17 गेंदों में फिफ्टी पूरी की है।












Click it and Unblock the Notifications