India Vs Pak: शुभमन गिल की हेल्थ को लेकर BCCI ने संभाला मोर्चा, पाक मैच से पहले मिल सकती है अच्छी खबर
यूं तो विश्वकप में भारत की शुरुआत काफी अच्छी रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 6 विकेट से जीत मिली है। लेकिन टीम को स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल की कमी खल रही है। विश्वकप से ठीक पहले जिस तरह से उ्नहें डेंगू हुआ उसके बाद वह टीम से बाहर हो गए हैं।
आज के मुकाबले में भी वह टीम के लिए उपलब्ध नहीं हैं। लेकिन इस बीच अच्छी खबर यह आई है कि वह आज अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के खिलाफ अगले मैच से पहले आज शुभमन गिल अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। वह यहां बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में रहेंगे। मेडिकल टीम गिल की रिकवरी पर काम करेगी।

ऐसे में माना जा रहा है कि 14 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले में शुभमन गिल को लेकर अच्छी खबर आ सकती है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल आज चेन्नई से अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। वह यहां मेडिकल टीम के साथ रिकवरी करेंगे। रिपोर्ट की मानें तो शुभमन गिल की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है।
गिल पर बीसीसीआई का दांव
हालांकि अभी तक बीसीसीआई की ओर से गिल को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है। वहीं बीसीसीआई की ओर से खारिज किया गया है कि गिल की जगह दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया की ही नीति पर आगे बढ़ेगी जैसा कि ट्रेविस हेड को लेकर कंगारू टीम आगे बढ़ रही है।
तबीयत में हो रहा सुधार
बीसीसीआई की ओर से कहा गया है कि शुभमन गिल को उनका पूरा समय दिया जाएगा ताकि वह मैच से पहले पूरी तरह से फिट हो सके। उनकी जगह पर दूसरे खिलाड़ी के बारे में सोचने का सवाल ही नहीं उठता है। गिल की तबीयत में सुधार हो रहा है, वह जल्द ही वापसी कर सकते हैं।
क्या है बीसीसीआई की रणनीति
बीसीसीआई के अधिकारी ने कहा कि आप देखिए ऑस्ट्रेलिया ट्रेविस हेड के साथ क्या कर रहा है। वह चोटिल हैं, लेकिन उन्हें टीम से बाहर नहीं किया गया है। हेड को हर मौका दिया जा रहा है। भारत भी उसी राह पर आगे चल रहा है। गिल हमारे लिए सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं, वह काफी अच्छा करते आ रहे है।
क्यों खास है अहमदाबाद
14 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ भारत का विश्वकप में तीसरा मुकाबला है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल के लिए काफी खास मैदान है। यहां पर उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। यहां गिल ने इस साल टी-20, टेस्ट और आईपीएल तीनों में शतकीय पारी खेली है।
यहां पर आईपीएल में गिल ने 7 पारियां खेली हैं जिसमे एक शतक, तीन अर्धशतक लगाया और 404 रन बनाया। फरवरी माह में गिल ने यहां टी-20 इंटरनेशनल मैच में शतक लगाया। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी उन्होंने यहां मार्च माह में शतक लगाया था। आईपीएल में गिल ने 66.9 के औसत से रन बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications