SCO vs NED: दोहरा शतक से चूका फिर भी रचा इतिहास, इस बल्लेबाज ने तोड़ा 15 साल पुराना रिकॉर्ड
George Munsey Record: स्कॉटलैंड के सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से ने 12 जून 2025 को नीदरलैंड के खिलाफ एक ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने डंडी के फोर्थहिल मैदान पर आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 के मैच में 191 रन बनाए। यह किसी भी एसोसिएट देश के बल्लेबाज द्वारा वनडे क्रिकेट में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इस पारी के बाद से ही वह सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
दोहरा शतक बनाने से चूक गए मुन्से (George Munsey Record)
बाएं हाथ के बल्लेबाज मुन्से ने 150 गेंदों में 14 चौके और 11 छक्के लगाए। वह दोहरे शतक से सिर्फ 9 रन दूर थे, लेकिन आखिरी ओवर में विवियन किंग्मा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बावजूद उन्होंने अपने हमवतन कैलम मैकलियोड का 2018 में बनाया 157* रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मुन्से के पास इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का पहला दोहरा शतक जड़ने का मौका था लेकिन वह 9 रन से ऐसा करने से चूक गए। 15 साल पहले पॉल स्टर्लिंग ने साल 2010 में कनाडा के खिलाफ एक वनडे मैच में 177 रन बनाकर दमदार पारी खेली थी। लेकिन अब जॉर्ज मुन्से ने 15 साल पुराना ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

50 ओवर में बन गए 369 रन
जॉर्ज मुन्से की शानदार पारी की बदौलत स्कॉटलैंड ने 50 ओवर में 369 रन बनाए, जो उनकी वनडे क्रिकेट में तीसरी सबसे बड़ी पारी रही। कप्तान मैथ्यू क्रॉस ने भी निचले क्रम में अर्धशतक जड़ा और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गौर करने वाली बात यह है कि स्कॉटलैंड का अब तक का सबसे बड़ा वनडे स्कोर भी नीदरलैंड के खिलाफ ही है। इससे पहले स्कॉटलैंड ने 380 का स्कोर इसी टीम के खिलाफ पिछले महीने बनाया गया था।
नीदरलैंड ने रचा इतिहास
नीदरलैंड ने आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 370 रन का लक्ष्य अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही नीदरलैंड ने इतिहास रच दिया है। वह वनडे क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर चेज करने में सफल रही। नीदरलैंड के इस दमदार प्रदर्शन में मैक्स ओडाउड का बड़ा योगदान रहा। मैक्स ओडाउड ने नाबाद 158 रनों की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications