क्रिकेट इतिहास में पहली बार! Gede Priandana ने एक ओवर में झटके 5 विकेट, T20 में रचा इतिहास
Gede Priandana 5 Wickets: क्रिकेट के मैदान पर अक्सर ऐसे रिकॉर्ड बनते हैं, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होती है। इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ( Gede Priandana) ने हाल ही में जो कर दिखाया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है। कंबोडिया के खिलाफ खेले गए एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में गेडे ने महज एक ओवर के भीतर पूरी बाजी पलट दी और एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया जो क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया।
एक ओवर, पांच विकेट और सिर्फ एक रन (Gede Priandana 5 Wickets)
मैच का रोमांच तब चरम पर था जब कंबोडिया को जीत के लिए आखिरी 5 ओवरों में 62 रनों की जरूरत थी। कंबोडिया का स्कोर 15 ओवर में 5 विकेट पर 106 रन था। इंडोनेशिया के कप्तान ने गेंद गेडे प्रियांदाना को थमाई। यह मैच में गेडे का पहला और इकलौता ओवर था, लेकिन इसी 6 गेंदों ने इतिहास रच दिया। सोशल मीडिया पर लहगातार क्रिकेट फैंस इस ओवर की चर्चा कर रहे हैं।

ऐसा रहा पांच विकेट वाला ओवर
गेडे के उस ऐतिहासिक ओवर का रोमांच कुछ इस तरह रहा। पहली तीन गेंदों में लगातार तीन विकेट लेकर गेडे ने अपनी हैट्रिक पूरी की। चौथी गेंद एक शानदार 'डॉट बॉल' रही, जिस पर कोई रन नहीं बना। पांचवीं गेंद पर गेडे ने एक और विकेट चटकाकर अपना चौथा शिकार किया। इसके बाद एक 'वाइड' गेंद फेंकी गई, जिससे कंबोडिया के खाते में एकमात्र रन जुड़ा। छठी गेंद यानी ओवर की अंतिम लीगल डिलीवरी पर गेडे ने पांचवां विकेट लेकर कंबोडिया की पारी को 107 रनों पर समेट दिया।
टीम के लिए बल्ले से की थी पारी की शुरुआत
इस तरह गेडे प्रियांदाना का गेंदबाजी स्पेल रहा। 1 ओवर, 1 रन और 5 विकेट। इंडोनेशिया ने यह मुकाबला 60 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। गेडे प्रियांदाना ने इस मैच में इंडोनेशिया के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी की थी, लेकिन वे बल्ले से केवल 6 रन ही बना सके थे। हालांकि, उन्होंने अपनी जादुई गेंदबाजी से उस कमी को न केवल पूरा किया बल्कि अपनी टीम को एक अविस्मरणीय जीत भी दिलाई।
इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार
घरेलू टी20 क्रिकेट में एक ओवर में 5 विकेट लेने का कारनामा पहले दो बार हो चुका है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय टी20 (T20I) के इतिहास में गेडे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ना किसी भी दिग्गज गेंदबाज के लिए लगभग नामुमकिन जैसा होगा।












Click it and Unblock the Notifications