गौतम गंभीर LSG छोड़ सकते हैं, अगले साल लोकसभा चुनाव में रहने वाले हैं व्यस्त
Gautam Gambhir: अगले साल आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर टीम के साथ शायद नहीं होंगे। लोकसभा चुनाव में व्यस्त रहने के कारण वह शायद लखनऊ को छोड़ सकते हैं। दिल्ली में गौतम गंभीर बीजेपी का अहम चेहरा हैं। ऐसे में वह पार्टी के साथ काम करेंगे।
क्रिकेटनेक्स्ट से बातचीत में एक सूत्र ने कहा है कि राजनीतिक प्रतिबद्धताओं की वजह से गौतम गंभीर अगले साल आईपीएल से ब्रेक ले सकते हैं। वह फ्रेंचाइजी को छोड़कर किसी अन्य टीम के साथ नहीं जा रहे। लोकसभा चुनाव की वजह से काफी काम रहेगा। वह अपनी पूरी ऊर्जा उसी पर खर्च करना चाहेंगे।

सूत्र ने कहा कि दिल्ली और अन्य जगहों पर गौतम गंभीर बीजेपी का बड़ा चेहरा हैं। वह चुनावों में सक्रियता के साथ भाग लेने वाले हैं। अगले साल आईपीएल के लिए उनके पास समय नहीं होगा। गौरतलब है कि गौतम गंभीर फ़िलहाल ईस्ट दिल्ली सीट से भाजपा सांसद हैं।
उल्लेखनीय है साल 2024 में लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने हैं। ऐसे में आईपीएल का पहला चरण बाहर कराया जा सकता है। यूएई में मुकाबले आयोजित किये जा सकते हैं। हालांकि बीसीसीआई की तरफ से फ़िलहाल इस मामले पर कुछ नहीं कहा गया है। अभी वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन भारत की प्राथमिकता है।
बतौर मेंटर गौतम गंभीर का काम लखनऊ के लिए अच्छा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने पिछले आईपीएल में प्लेऑफ़ तक का सफर तय किया था। इससे पहले भी लखनऊ की टीम ने टॉप चार मा जगह बनाई थी। गौतम गंभीर पिछले सीजन विवादों में भी रहे हैं।
कोहली और नवीन उल हक के बीच कहासुनी होने के बाद गौतम गंभीर भी इस मामले में कूद गए थे। हालांकि बीसीसीआई ने कोहली और गंभीर दोनों के ऊपर कार्रवाई की और जुर्माना लगाया था। गंभीर का व्यक्तित्व हमेशा से ही एक आक्रामक खिलाड़ी का रहा है। अपने खेल के दिनों में भी वह अग्रेसिव होते थे।












Click it and Unblock the Notifications