Fact Check: क्या मुशफिकुर रहीम को दिया गलत आउट? बॉल स्टंप से दूर फिर क्यों दिया भेजा पवेलियन
Fact Check: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन अजीबोगरीब घटनाक्रम देखने को मिला और इसमें बांग्लादेश के बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम शामिल थे। रहीम को अम्पायर ने फील्ड में बाधा पहुंचाने की वजह से आउट दे दिया। थर्ड अम्पायर तक मामला गया था।
काइल जेमिसन उस वक्त गेंदबाजी कर रहे थे और रहीम बैटिंग कर रहे थे। जेमिसन की गेंद पर रक्षात्मक शॉट खेलने के बाद क्रीज पर ही टप्पा खा रही गेंद को रहीम ने अपने हाथ से टच कर दिया। इस पर कीवी खिलाड़ियों ने जोरदार अपील कर दी और बल्लेबाज को आउट दिया गया।

थर्ड अम्पायर ने मामले को देखा और पाया कि गेंद स्टम्प पर नहीं लग रही थी और काफी दूर थी। हालांकि यहाँ मामला समाप्त नहीं हुआ। नियमों के अनुसार अगर गेंद को आपने हाथ से धकेला है, तो फील्ड में बाधा यानी ऑब्सट्रक्ट द फील्ड और हैंडल द बॉल के तहत आउट दिया जाएगा। रहीम ने भी ऐसा किया। उन्होंने गेंद को जानबूझकर दूर धकेल दिया था।
अगर बल्लेबाज अपने बल्ले से इस गेंद को दूर धकेल देता, तो आउट नहीं दिया जाता लेकिन यहाँ हाथ से गेंद को टच किया गया था। कई बार स्पिनर के खिलाफ बल्लेबाज डिफेन्स के बाद बल्ले से गेंद को धकेल देते हैं और बाद में हाथ से उठा भी लेते हैं। ऐसे में आउट नहीं दिया जाता क्योंकि यहां हैंडल द बॉल जैसा कोई मामला नहीं बनता।
मुशफिकुर रहीम को एकदम सही आउट दिया गया, क्योंकि उन्होंने जानबूझकर गेंद को हाथ से धकेल दिया था। लोगों के मन में शंका थी कि गेंद तो स्टम्प में जा ही नहीं रही थी, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि रिप्ले में साफ़ देखा गया कि रहीम ने क्या किया था।
इसके बाद सोशल मीडिया पर एक तबका ऐसा भी था जिसने रहीम को कर्म की सजा मिलने की बात कही। वर्ल्ड कप में एंजेलो मैथ्यूज को टाइम आउट देने के लिए बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने अपील की थी। इसके बाद अम्पायर ने आउट दिया था। रहीम के आउट को अब उससे जोड़कर देखा जा रहा है और चिढ़ाया भी जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications