वनडे क्रिकेट में इन बल्लेबाजों के हरफनमौला खेल के आगे बड़े-बडे़ ऑलराउंडर हुए फेल
One Day International: क्रिकेट पूरी तरह से आंकड़ों का खेल नहीं है लेकिन आंकड़े इस गेम को दिलचस्प बनाने में बड़ी रोचक भूमिका तय करते रहे हैं। खिलाड़ियों को उनके संन्यास के बाद उनके आंकड़ों से ही पहचाना जाता है।
जब ये खिलाड़ी मैदान पर खेल रहे होते हैं तो किसने किन परिस्थितियों में कैसे बल्लेबाजी या गेंदबाजी की, उससे उनका कद तय होता है। इस खेल में ऑलराउंडरों का अपना एक अलग ही विशेष स्थान रहा है।

लेकिन कभी-कभी बड़े से बड़ा आलराउंडर भी आंकड़ों के ऐसे खेल में फंस सकता है कि उसकी हरफनमौला काबिलियत एक बल्लेबाज के सामने ही बौनी नजर आती है।
इसीलिए कई बार चीजें इतनी दिलचस्प हो जाती है जो सामने आने पर हमें हैरान कर देती हैं। अगर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडरों की बात करें तो कई नाम सामने आते हैं।
श्रीलंका के पास सनत जयसूर्या थे, पाकिस्तान के पास अब्दुल रज्जाक थे, न्यूजीलैंड के पास क्रिस क्रेयंस और क्रिस हैरिस जैसे खिलाड़ी थे। इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने काफी प्रभावित किया। दक्षिण अफ्रीका के पास जैक कैलिस के रुप में सर्वकालिक महानतम आलराउंडर में एक थे।
इससे पहले कपिल देव, इमरान खान और इयान बाथम दोनों फॉर्मेट वनडे और टेस्ट दोनों में गजब के आलराउंडर रहे। लेकिन जब हम वनडे क्रिकेट में एक मुकाबले के दौरान शतक और उसी मुकाबले में विकेट लेने के हरफनमौला प्रदर्शन पर नजर डालते हैं तो हमें टॉप-5 में तीन बल्लेबाज दिखाई देते हैं।
यह वो बल्लेबाज है जो काम चलाऊं गेंदबाजी करते रहे हैं, लेकिन उनका मुख्य काम हमेशा बैटिंग ही रही है। ऐसे में इन बल्लेबाजों के ऑलराउंड प्रदर्शन के सामने हरफनमौला खिलाड़ी पानी भरते हैं।
वनडे क्रिकेट में एक मैच के दौरान शतक और विकेट लेने के कारनामें को सबसे ज्यादा 15 बार श्रीलंका के महान ऑलराउंडर सनत जयसूर्या ने ही दोहराया है। लेकिन दूसरे स्थान पर क्रिस गेल हैं, जो वेस्टइंडीज के ओपनिंग बल्लेबाज भी रह चुके हैं और काम चलाऊ ऑफ स्पिनर भी।
गेल ने यह काम वनडे क्रिकेट के इतिहास में 10 बार किया है। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर महानतम बल्लेबाजों में एक सचिन तेंदुलकर भी हैं जिन्होंने 8 बार यह कारनामा किया है। सचिन भी मध्यम गति की गेंदबाजी कर लेते थे, तो कभी ऑफ व लेग स्पिन भी कर लेते थे। चौथे स्थान पर फिर से एक ऑलराउंडर जैक कैलिस हैं जिन्होंने 8 बार ऐसा किया है।
लेकिन, पांचवे स्थान पर श्रीलंका के बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान है जो सफेद गेंद क्रिकेट में धाकड़ हिटर रहे थे। साथ ही, दिलशान पार्ट टाइम ऑफ स्पिन भी कर लेते थे। इस तरह से टॉप पांच में सिर्फ दो ही प्रोपर ऑलराउंडर शामिल हैं।
ये है स्टेट्स का खेल जहां कई बार बल्लेबाज ही प्रोपर ऑलराउंडरों से बड़े ऑलराउंडर नजर आते हैं, और सच यह भी है कि आंकड़े झूठ नहीं बोलते।












Click it and Unblock the Notifications