PAK vs ENG: आखिरी ओवर में खत्म हुआ पाकिस्तान-इंग्लैंड का रोमांचक मुकाबला, जानिए किसे मिली जीत
PAK vs ENG: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच आज एजबेस्टन में दूसरा टी20 मुकाबला खेला गया। पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। दूसरा मैच अंतिम ओवर तक चला गया। अब इस सीरीज में दो मैच और बचे हैं।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही साबित हुआ। इंग्लैंड के ओपनर फिलिप साल्ट जल्दी आउट हो गए। वह 13 रन बनाकर आउट हुए। यहाँ से जोस बटलर और विल जैक्स ने पारी संभाली और स्कोर 96 तक लेकर गए।

विल जैक्स 23 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। जोस बटलर ने बेहतरीन बैटिंग करते हुए फिफ्टी जमा दी। वह खेलते चले गए। दूसरे छोर से बेयरस्टो (21) के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज नहीं टिका। ब्रूक, मोईन अली और लिविंगस्टोन फ्लॉप रहे।
बटलर ने एक छोर पर अच्छी बैटिंग करते हुए 51 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के जमाए। निचले क्रम से जोर्फा आर्चर ने 4 गेंदों का सामना करते हुए 12 रन बनाए और इंग्लैंड का स्कोर 7 विकेट पर 183 रनों तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट झटके। उनके अलावा इमाद वसीम और हारिस रऊफ ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद रिजवान खाता नहीं खोल पाए। सैम अयूब भी 2 रन बनाकर चलते बने। बाबर आज़म और फखर जमान ने मिलकर अर्धशतकीय भागीदारी की। इस बीच बाबर 26 गेंदों में 32 रन बनाकर चलते बने। जमान ने 21 गेंदों में 45 रन बनाए।
इसके बाद पाकिस्तान ने कुछ विकेट गंवाए। इफ्तिखार अहमद 23 और इमाद वसीम 22 रन बनाकर आउट हो गए और पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फिर गया।अंतिम ओवर तक पाकिस्तानी टीम 160 रनों के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई और इंग्लैंड ने 23 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 से लीड हासिल कर ली।












Click it and Unblock the Notifications