DPL में ताबड़तोड़ शतक! पप्पू यादव के बेटे ने लूटी महफिल, क्या IPL में मिलेगी एंट्री?
DPL 2025, Sarthak Ranjan: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2025) का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार के सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि पूरा स्टेडियम जश्न में डूब गया। न्यू दिल्ली टाइगर्स के खिलाफ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए सार्थक ने सिर्फ 58 गेंदों में शतक जड़ दिया। उनकी इस ताबड़तोड़ पारी में 7 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
सार्थक रंजन ने जड़ा धमाकेदार शतक (DPL 2025, Sarthak Ranjan)
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत शानदार रही। ओपनर सार्थक रंजन और अर्नव ने मिलकर पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। इसके बाद टीम के अन्य बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन सार्थक ने एक छोर संभालते हुए रनों की बरसात जारी रखी। पहले उन्होंने धैर्य दिखाया और अर्धशतक तक पहुंचने के बाद गियर बदल दिया। आखिरी ओवरों में उन्होंने न्यू दिल्ली टाइगर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

आईपीएल में एंट्री पर होगी नजर
सार्थक रंजन इस सीजन में जबर्दस्त फॉर्म में हैं। ऑक्शन के दौरान उन्हें नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 12 लाख रुपये से ज्यादा में खरीदा था। अब तक खेले गए 8 मैचों में सार्थक 349 रन बना चुके हैं। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस तरह का प्रदर्शन किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए अच्छा साबित हो सकता है। सार्थक रंजन की नजरें अब आईपीएल पर होगी।
टीम को नहीं मिल सकी जीत
मैच की बात करें तो सार्थक की शतकीय पारी के दम पर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 199 रन बनाए। न्यू दिल्ली टाइगर्स के सामने यह स्कोर पहाड़ जैसा लग रहा था। लक्ष्य थरेजा ने महज 48 गेंदों में 80 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी। भले ही सार्थक की शतकीय पारी टीम की जीत के काम नहीं आ सकी, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीतने में कामयाबी हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications