दिनेश कार्तिक बोले- अच्छी पारियां खेलने के बावजूद श्रेयस अय्यर को नहीं मिलेगी विश्वकप टीम में जगह
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज के पहले दो मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जीत हासिल कर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में इस सीरीज के दौरान श्रेयस अय्यर को नंबर 3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी गई है, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए इस खिलाड़ी ने लगातार दो मैचों में दो अर्धशतकीय पारियां खेली और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। लखनऊ में खेले गये पहले टी20 मैच में जहां श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली तो वहीं पर धर्मशाला के मैदान पर खेले गये पहले मैच में नाबाद 74 रनों की पारी खेली।

श्रेयस अय्यर की लगातार दो मैचों में दो अर्धशतकीय पारियों ने भारत को न सिर्फ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई बल्कि टीम मैनेजमेंट को मध्यक्रम की मजबूती का एहसास भी दिलाया। ऐसे में कई दिग्गजों का मानना है कि श्रेयस अय्यर की यह पारियां टीम मैनेजमेंट के लिये मीठा सिरदर्द बनने वाली हैं, जिसका पूरा ध्यान ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के लिये टीम कॉम्बिनेशन तैयार करना है।

शुरुआती प्लेइंग 11 से बाहर रहेंगे अय्यर
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि अपनी शानदार पारियों के दम पर श्रेयस अय्यर ने भले ही टी20 विश्वकप की भारतीय टीम में अपनी दावेदारी पेश कर दी हो लेकिन इसके बावजूद उनका शुरुआती प्लेइंग 11 में जगह बना पाना लगभग नामुमकिन है। अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मैच में वापसी करते हुए 16 गेंदों में 25 रन बनाये, तो वहीं पर लखनऊ में 57 और धर्मशाला में 74 रन की पारी खेली। इन सभी पारियों में अय्यर ने 150 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बटोरे।

एक ही जगह के लिये कई खिलाड़ियों में है कॉम्पिटिशन
क्रिकबज के साथ बात करते हुए कार्तिक ने कहा कि भले ही अय्यर ने शानदार पारियां खेली हैं, लेकिन इसके बावजूद वह इस बात से अंजान नहीं है कि टी20 विश्वकप के शुरुआती मैचों की प्लेइंग 11 में उनकी जगह पक्की नहीं हुई। इस दौरान यह कहना गलत नहीं होगा कि इस प्रदर्शन ने उनकी टीम में जगह जरूर पक्की कर दी है।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि वो इस बात को अच्छे से जानते हैं और उनके दिमाग में भी यह बात है कि वो विश्वकप के शुरुआती मैचों में शामिल नहीं होंगे। हालांकि टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिये उनका यह प्रदर्शन पहला कदम जरूर है। अपने इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने खुद को जगह की दावेदारी के लिये मजबूत कंटेडर साबित किया है। आपको यह समझना होगा कि टीम में फिलहाल 4-5 ऐसे खिलाड़ी हैं जो सामने से आकर इस जगह पर खेल सकते हैं, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल लिस्ट काफी लंबी है और मैं कई ऐसे खिलाड़ियों का नाम ले सकता हूं।'

हर खिलाड़ी ने किया है शानदार प्रदर्शन
कार्तिक ने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी तारीफ की और कहा कि विश्वकप के बाद से भारत के अजेय रहने में इन खिलाड़ियों ने काफी अहम रोल निभाया है, जो कि नये टीम मैनेजमेंट के लिये अच्छे साइन हैं।
उन्होंने कहा,'अच्छी चीज यह है कि हर खिलाड़ी जो भारतीय टीम का हिस्सा बन रहा है, वो वहां पर अपना नाम बनाने के लिये छोड़ने की कोशिश कर रहा है कि वो उस जगह खेलने को तैयार है। यह भारतीय कप्तान और नये कोच के लिये अच्छे निशान हैं। रोहित को कप्तानी सौंपने के बाद उनके लिये अब तक का सफर काफी अच्छा रहा है। वो काफी शानदार रहे हैं। अभी बहुत सारे मैचों का खेला जाना बाकी है, आईपीएल, साउथ अफ्रीका का भारत दौरा और काफी कुछ। फिलहाल के लिये आप यह कह सकते हैं कि श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी की है और कोलकाता के फैन्स के चेहरे पर मुस्कान लायी है, जिन्हे पता है कि उनका नया कप्तान कुछ कर गुजरने को तैयार है।'












Click it and Unblock the Notifications