दिनेश कार्तिक ने संन्यास के बाद तलाशा नया रास्ता, इस टीम के लिए खेलने का लिया फैसला
Dinesh Karthik: दिनेश कार्तिक की उम्र 39 साल है लेकिन फिटनेस के मामले में वह किसी से कम नहीं हैं। वह टी20 क्रिकेट में मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। इस बार वह लीजेंड्स लीग क्रिकेट से जुड़ने जा रहे हैं। दिनेश कार्तिक ने साउदर्न सुपर स्टार्स से जुड़ने का फैसला लिया है।
कार्तिक ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलना निश्चित रूप से कुछ ऐसा है जिसका मैं अपने रिटायरमेंट के बाद बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं मानसिक और शारीरिक रूप से इस चुनौती के लिए तैयार हूं और उस तरह की क्रिकेट खेलने के लिए उत्सुक हूं जिसका मैंने हमेशा आनंद लिया है। प्रशंसकों का निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद करता हूँ और मुझे उम्मीद है कि मैं एक बार फिर मैदान पर आपका मनोरंजन करूंगा।

एलएलसी की नीलामी सितम्बर में नई दिल्ली में होना निर्धारित है। टीमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह आयोजन क्रिकेट प्रेमियों को निश्चित रूप से अपनी तरफ आकर्षित करने वाला है।
कार्तिक का लीजेंड्स लीग क्रिकेट में जाना पूर्व क्रिकेट सितारों के बीच बढ़ते चलन को दर्शाता है। आरोन फिंच, मार्टिन गप्टिल और हाशिम अमला जैसे खिलाड़ी भी संन्यास के बाद लीग में शामिल हो चुके हैं। लीजेंड्स लीग के आगामी सीजन में कई दिग्गज सितारे शामिल हो सकते हैं।
कार्तिक ने विभिन्न प्रारूपों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने भारत के लिए सभी फॉर्मेट में 180 मैच खेले, जिसमें एक टेस्ट शतक और 17 अर्धशतक सहित 3,463 रन बनाए। विकेटकीपर के तौर पर उन्होंने 172 शिकार किए। आईपीएल में उन्होंने 257 मैचों में 22 अर्द्धशतकों के साथ 4,842 रन बनाए और छह अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व किया।












Click it and Unblock the Notifications