4 साल बाद कार्तिक फिर बने हीरो, DC के मुस्तफिजुर के सामने रिप्ले किया निदाहास ट्रॉफी का क्लाइमेक्स
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 27वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला गया, जहां पर आरसीबी की टीम ने रोमांचक मैच में दिल्ली को 16 रनों से हरा सीजन की चौथी जीत हासिल कर ली है और 8 अंकों के साथ अंकतालिका में तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। आरसीबी की टीम ने इस सीजन खेले गये 6 मैचों में से 4 में जीत तो वहीं पर 2 में हार का सामना किया है, वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 5 मैचों में मिली यह तीसरी हार है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस मैच के ज्यादातर हिस्से में अपना दबदबा बनाया हुआ था लेकिन गेंदबाजी के दौरान दिनेश कार्तिक की आतिशी पारी ने पहले उससे मैच को दूर किया तो वहीं पर रन चेज में हर्षल पटेल की बेहतरीन गेंदबाजी ने उसे मैच में जीत हासिल नहीं करने दी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने महज 92 रन पर अपने 5 विकेट खो दिये थे, लेकिन दिनेश कार्तिक (66) ने शाहबाज अहमद (32) के साथ नाबाद 97 रनों की साझेदारी कर टीम को 189 के स्कोर पर पहुंचा दिया।
और पढ़ें: मुंबई के खिलाफ जीत के बावजूद लखनऊ को लगा बड़ा झटका, BCCI ने राहुल के खिलाफ उठाया कदम

197 की औसत से रन बना रहे हैं कार्तिक
आईपीएल के इस सीजन कई ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से चौंकाने का काम किया है, ऐसा करने वालों में एक नाम दिनेश कार्तिक का भी है, जो इस सीजन खेले गये 6 मैचों में सिर्फ एक ही बार आउट हुए हैं। इतना ही नहीं दिनेश कार्तिक ने अपने हर मैच में तेज तर्रार पारियां खेलकर आरसीबी के लिये मैच फिनिश करने का काम कर रहे हैं। दिनेश कार्तिक ने अब तक खेले गये मैचों में 209.57 की स्ट्राइक रेट और 197 की औसत से कुल 197 रन बनाये हैं। उनका यह प्रदर्शन दिल्ली के खिलाफ भी जारी रहा और महज 34 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के की मदद से उन्होंने जिस तरह से नाबाद 66 रनों की पारी खेली उसने आरसीबी की टीम को हार की दहलीज से उबारने का काम किया।

कार्तिक ने याद दिलाई 4 साल पुरानी पारी
इस दौरान कार्तिक ने दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आड़े हाथों लिया और उनके ही ओवर में मैच को बदल दिया। आरसीबी के लिये यह ओवर मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ क्योंकि दिनेश कार्तिक ने इस ओवर में 6 लगातार बाउंड्री मारकर 28 रन बटोरे और फैन्स को 4 साल पहले खेले गये निदाहास ट्रॉफी फाइनल 2018 की याद दिला दी। निदाहास ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत को जीत के लिये आखिरी 12 गेंदों में 35 रन की दरकार थी और तभी बल्लेबाजी करने आये दिनेश कार्तिक ने मुस्तफिजुर रहमान के 19वें ओवर में 2 छक्के और 2 चौके लगाकर 22 रन बटोरे और मैच का रुख बदल दिया।

एक ही ओवर में बना डाले 28 रन
वहीं 4 साल बाद जब आईपीएल में मुस्तफिजुर रहमान का सामना एक बार फिर से आईपीएल में दिनेश कार्तिक से हुआ तो उन्होंने फिर से इस बांग्लादेशी गेंदबाज की बखिया उधेड़ते हुए पहली 3 गेंदों पर चौकों की हैट्रिक लगाई तो वहीं पर अगली दो गेंदों पर दो लगातार छक्के जड़े, कार्तिक ने चौके के साथ ओवर को समाप्त किया और 28 रन बटोरे। उनके इस ओवर ने आरसीबी को वानखेड़े के इस मैदान पर उस स्कोर तक पहुंचाया जहां से उसकी टीम के लिये जीत हासिल करना अब सपना नहीं लग रहा था। दिनेश कार्तिक ने इस दौरान शाहबाज अहमद के साथ छठे विकेट के लिये आईपीएल की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

कार्तिक से पहले मैक्सवेल ने कुलदीप को था धोया
गौरतलब है कि दिनेश कार्तिक से पहले आरसीबी के लिये ग्लेन मैक्सवेल ने भी इस सीजन की अपनी पहली अर्धशतकीय पारी खेली थी और दिल्ली के लिये सबसे सफल रहे कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को आड़े हाथों लिया था। मैक्सवेल ने कुलदीप यादव को उनके पहले ही ओवर में जमकर धोया था जिसके चलते कुलदीप ने अपने एक ओवर में 23 रन दे डाले थे। मैक्सवेल ने कुलदीप के इस ओवर में 3 छक्के लगाये तो वहीं पर एक चौका लगाकर काफी धीमी चल रही पारी को वापस ट्रैक पर लाया। हालांकि कुलदीप ने बचे हुए 3 ओवर्स में वापसी की और अगले 3 ओवर्स में 23 रन देकर एक विकेट हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications